सीरीज जीती, अब भविष्य की बारी : आज कई खिलाड़ियों को मिल सकता है डेब्यू का मौका, 2-0 की बढ़त के बाद बेंच स्ट्रेंथ पर फोकस,

हरारे। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया पहले ही शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा चुकी है। ऐसे में आखिरी मैच भले ही सीरीज के लिहाज से औपचारिक हो, लेकिन भारतीय टीम के लिए यह युवा खिलाड़ियों को परखने और भविष्य की टीम तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी संकेत दिए हैं कि अंतिम मुकाबले में उन खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है, जिन्हें अब तक प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली। टीम प्रबंधन का फोकस अब बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करने और नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने पर रहेगा।
प्रभसिमरन सिंह का हो सकता है इंटरनेशनल डेब्यू
पंजाब के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह का इंतजार इस मुकाबले में खत्म हो सकता है। पूरी सीरीज में बेंच पर बैठे प्रभसिमरन को भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिलने की पूरी संभावना है। इसके लिए अभिषेक शर्मा को आराम दिया जा सकता है, जो इस सीरीज में अपनी बल्लेबाजी से अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
वहीं, 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर भी सबकी नजरें रहेंगी। दूसरे टी20 में उन्होंने सिर्फ नौ गेंदों पर 20 रन बनाकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक दिखाई थी। टीम प्रबंधन उन्हें एक और मौका देकर लंबी पारी खेलने का अवसर देना चाहेगा।
हर्ष दुबे और सूर्यांश शेडगे को मिल सकता है मौका
स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे भी तीसरे मुकाबले में टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर सकते हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे खेल चुके हर्ष को रवि बिश्नोई की जगह आजमाया जा सकता है।
इसके अलावा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे भी प्लेइंग-11 में शामिल हो सकते हैं। वह बल्लेबाजी के साथ मध्यम गति की गेंदबाजी भी करते हैं और शिवम दुबे की जगह टीम को बेहतर संतुलन दे सकते हैं। सीरीज जीतने के बाद टीम प्रबंधन उनके प्रदर्शन का भी आकलन करना चाहेगा।
प्रिंस यादव बाहर, अशोक शर्मा की एंट्री तय
दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान तेज गेंदबाज प्रिंस यादव हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण चोटिल हो गए थे। ऐसे में उनका तीसरे मुकाबले में खेलना लगभग तय नहीं माना जा रहा है। उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है।
भारत की संभावित प्लेइंग-11: प्रभसिमरन सिंह, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, अशोक शर्मा, यश ठाकुर और मयंक यादव।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
