पिता बनने के बाद बदला राहुल का नजरिया : आईपीएल 2026 में नई सोच और आक्रामक अंदाज से मचा रहे धमाल

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल के लिए विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे केएल राहुल इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 9 मैचों में 433 रन, एक शतक और तीन अर्धशतक के साथ राहुल ने अपने आक्रामक खेल से सभी को प्रभावित किया है।
जियोस्टार के ‘सुपरस्टार्स’ शो में बातचीत के दौरान राहुल ने बताया कि टी20 क्रिकेट अब पूरी तरह बदल चुका है। उनके मुताबिक, अब मैच का फैसला पावरप्ले में ही काफी हद तक तय हो जाता है, इसलिए टीमों का फोकस शुरुआती ओवरों में तेज रन बनाने पर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खुलकर खेलने की पूरी आजादी दी है, जिससे उनका प्रदर्शन और बेहतर हुआ है।
पावर प्ले में 60 रन का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरते हैं ओपनर
अपने ओपनिंग पार्टनर पथुम निस्संका के साथ तालमेल पर राहुल ने कहा कि दोनों का फोकस आक्रामक लेकिन समझदारी भरी बल्लेबाजी पर रहता है। पावरप्ले में 60 रन का लक्ष्य लेकर वे मैदान में उतरते हैं और साझेदारी को मजबूत बनाने की कोशिश करते हैं।
राहुल को माना जाता था टेस्ट खिलाड़ी
राहुल ने यह भी स्वीकार किया कि पिछले वर्षों में उन्हें मुख्य रूप से टेस्ट खिलाड़ी माना जाता था, लेकिन अब उन्होंने अपनी व्हाइट-बॉल क्रिकेट को पूरी तरह विकसित किया है। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी गलतियों से सीखकर खुद को टी20 के लिए बेहतर खिलाड़ी बनाया है।
पिता बनना उनकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत एहसास
हालांकि, इस पूरे इंटरव्यू का सबसे भावुक हिस्सा उनका पिता बनने का अनुभव रहा। राहुल ने कहा कि पिता बनना उनकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत एहसास है। उनके मुताबिक, बच्चे की मुस्कान उनके लिए हर तरह की थकान और दबाव को खत्म कर देती है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह मैदान के बारे में पहले जितना नहीं सोचते, क्योंकि उनकी प्राथमिकता परिवार बन गया है।
आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म और निजी जीवन में आए बदलावों के साथ केएल राहुल का यह नया सफर उनके करियर को एक अलग दिशा देता नजर आ रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
