एशियन गेम्स में भारत एक पदक और पक्का : प्रिया घांघस के पंच पावर से चित हुई ताजिकिस्तान की मिजगोना समदोवा, अब स्वर्ण की जंग

निशियो। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजी दल के लिए सोमवार का दिन शानदार रहा। भारतीय मुक्केबाज प्रिया घांघस ने महिलाओं के 60 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समदोवा को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर पदक पक्का कर लिया। मुकाबले की शुरुआत में पिछड़ने के बावजूद प्रिया ने शानदार वापसी की और लगातार दो राउंड में दबदबा बनाते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले दौर में पिछड़ीं, फिर बदला मुकाबले का रुख
निशियो जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले का पहला दौर बेहद रोमांचक रहा। दोनों मुक्केबाजों ने संभलकर शुरुआत की। ताजिकिस्तान की समदोवा ने कुछ सटीक मुक्के लगाए, जबकि प्रिया ने भी दौर के अंतिम हिस्से में आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि, पांच में से तीन निर्णायकों ने समदोवा के पक्ष में फैसला दिया और पहला दौर वह 3-2 से जीतने में सफल रहीं।
इसके बाद प्रिया ने मुकाबले की दिशा ही बदल दी। दूसरे दौर में भारतीय मुक्केबाज पहले से ज्यादा आक्रामक नजर आईं। उन्होंने लगातार संयोजन वाले मुक्के लगाए और प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा। समदोवा को एक अंक की दंडात्मक कटौती भी झेलनी पड़ी। प्रिया ने यह दौर सर्वसम्मति से 5-0 से अपने नाम किया।
आखिरी दौर में भी कायम रखा दबदबा
निर्णायक तीसरे दौर में समदोवा ने वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने कई आक्रामक प्रयास किए और कुछ मुक्के भी सफल रहे, लेकिन प्रिया ने धैर्य नहीं खोया। जैसे ही उन्हें ताजिक मुक्केबाज के पीछे हटने का मौका मिला, उन्होंने सटीक प्रहार करते हुए बढ़त मजबूत कर ली।
प्रिया ने तीसरा दौर भी 5-0 से जीत लिया। पांचों निर्णायकों ने भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में फैसला सुनाया। तीन निर्णायकों ने 29-27 और दो ने 30-26 के स्कोर से प्रिया को विजेता माना।
सेमीफाइनल में दो बार की विश्व पदक विजेता से टक्कर
पदक पक्का करने के बाद अब प्रिया की नजर स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाने पर है। सेमीफाइनल में उनका सामना चीन की यांग चेंग्यु से होगा। चेंग्यु दो बार विश्व चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2023 में स्वर्ण और 2025 में कांस्य पदक हासिल किया था। ऐसे में सेमीफाइनल प्रिया के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
भारत का मुक्केबाजी में पांचवां पदक पक्का
प्रिया की जीत के साथ ही आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत का मुक्केबाजी में पांचवां पदक सुनिश्चित हो गया। इससे पहले लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की सियोंग सुयोन को 5-0 से हराकर पदक पक्का किया। हांगझोऊ एशियन गेम्स की रजत पदक विजेता लवलीना ने इस जीत के साथ एशियाई खेलों में अपना दूसरा पदक सुनिश्चित किया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
