हांगकांग ओपन 2026 : सात्विक-चिराग का फाइनल खेलने का टूटा सपना, सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी से मिली शिकस्त

कोव्लून। हांगकांग ओपन 2026 में भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के फाइनल खेलने का सपना टूट गया है। सेमीफाइनल मुकाबले में पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष युगल जोड़ी को मलेशिया की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी मान वेई चोंग और टी काई वुन के हाथों हार का सामना करना पड़ा। 40 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय जोड़ी 18-21, 19-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार के बाद भारतीय जोड़ी खिताबी दौड़ से बाहर हो गई।
पहले गेम में वापसी के बावजूद हाथ से निकला मुकाबला
मुकाबले का पहला गेम काफी रोमांचक रहा। दोनों जोड़ियों के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला। शानदार रैलियों के बीच मलेशियाई जोड़ी ने 17-12 की बढ़त बना ली। हालांकि, सात्विक और चिराग ने हार नहीं मानी और सात्विक के बेहतरीन डिफेंसिव शॉट्स की बदौलत स्कोर 17-17 से बराबर कर दिया।
भारतीय जोड़ी की वापसी से मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन निर्णायक पलों में मान वेई चोंग और टी काई वुन ने बेहतर संयम दिखाया और पहला गेम 21-18 से जीत लिया।
दूसरे गेम में भी नहीं मिली भारतीय जोड़ी को सफलता
दूसरे गेम में सात्विक और चिराग ने शानदार शुरुआत की। भारतीय जोड़ी ने शुरुआती बढ़त बनाते हुए स्कोर 7-3 कर दिया। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला तीसरे और निर्णायक गेम तक पहुंचेगा। लेकिन नेट पर भारतीय खिलाड़ियों से हुई कुछ गलतियों का मलेशियाई जोड़ी ने पूरा फायदा उठाया और स्कोर बराबर कर दिया।
इसके बाद मान और टी ने लगातार बेहतर खेल दिखाया। भारतीय जोड़ी ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ियों ने 21-19 से दूसरा गेम जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
क्वार्टर फाइनल में शानदार वापसी कर पहुंचे थे सेमीफाइनल
इससे पहले सात्विक और चिराग ने क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी। भारतीय जोड़ी ने अपने मुकाबले में 21-12, 13-21, 21-16 से सफलता हासिल की थी।
पहला गेम भारतीय खिलाड़ियों ने आसानी से 21-12 से जीता, लेकिन दूसरे गेम में उन्हें 13-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद तीसरे गेम में सात्विक और चिराग ने जोरदार वापसी की और 21-16 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया था।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
