महिला जूनियर एशिया कप : शिलीमा की कप्तानी, कृष्णा का गोल और भारत का कमाल! मप्र की हॉकी बेटियों का अंतरराष्ट्रीय जलवा

भोपाल। एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारत एक बार फिर दम देखने को मिला है। भारत की टीम बेटियों ने फाइनल मुकाबले में मेजबान टीम को 1-0 से रौंदकर लगातार तीसरी बार एशिया चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में मप्र की बेटियों का भी जलवा देखने को मिला। प्रतिभाशाली खिलाड़ी खैदेम शिलीमा चानू और कृष्णा शर्मा भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया।
शिलीमा चानू ने संभाली टीम की कमान
इस ऐतिहासिक जीत में मध्यप्रदेश के लिए सबसे खास उपलब्धि यह रही कि खैदेम शिलीमा चानू ने भारतीय टीम की कप्तानी की। मिडफील्ड में जिम्मेदारी संभालते हुए शिलीमा ने पूरे टूर्नामेंट में टीम को प्रभावी नेतृत्व दिया। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार अनुशासन और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया।
फाइनल में चीन को 1-0 से दी मात
रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत और चीन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मजबूत रक्षात्मक रणनीति के साथ खेलते हुए चीन पर दबाव बनाए रखा। 17वें मिनट में भारत ने गोल कर बढ़त हासिल की, जिसे टीम ने अंतिम सीटी तक बरकरार रखा। चीन ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया।
कृष्णा शर्मा ने भी दागे अहम गोल
कृष्णा शर्मा ने भी टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। जापान के खिलाफ भारत की 7-0 की बड़ी जीत में उन्होंने पांचवें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में कृष्णा ने 48वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत
भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से शिकस्त दी, जबकि सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद चीन को 1-0 से हराकर भारत ने खिताब अपने नाम किया।
लगातार तीसरी बार एशिया का चैंपियन
भारत ने 2023 और 2024 के बाद 2026 में भी महिला जूनियर एशिया कप की ट्रॉफी जीतकर लगातार तीसरा खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
