नए मिशन पर टीम इंडिया, : श्रेयस की अगुवाई चेन्नई से आयरलैंड-इंग्लैंड के दौरे के लिए भरी उड़ान, वैभव पर टिकी निगाहें

नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब नए अभियान की शुरुआत करने जा रही है। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम इंडिया चेन्नई से आयरलैंड और इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल दौरे के लिए रवाना हो गई है। इस दौरे की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज से होगी, जिसके मुकाबले 26 और 28 जून को डबलिन में खेले जाएंगे। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी, जहां पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की महत्वपूर्ण सीरीज खेली जाएगी।
इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाकर उन्होंने 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें पहली बार सीनियर टीम में मौका मिला है। अगर उन्हें आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने का अवसर मिलता है तो वह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे।
प्रिंस यादव को मिला पहला मौका
युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव भी पहली बार भारतीय टी20 टीम का हिस्सा बने हैं। आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में अपने दमदार प्रदर्शन के बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। उनकी गति और नियंत्रण को लेकर क्रिकेट विशेषज्ञों की खास नजर रहेगी। वहीं, मेनिस्कस सर्जरी से उबरने के बाद हर्षित राणा की टीम में वापसी हुई है और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई भी एक बार फिर टीम का हिस्सा बने हैं।
श्रेयस अय्यर के सामने बड़ी चुनौती
टी20 विश्व कप जीत के बाद यह श्रेयस अय्यर की पहली बड़ी विदेशी जिम्मेदारी होगी। यह दौरा सिर्फ द्विपक्षीय सीरीज तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक और 2028 टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी बेहद अहम है। टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देकर भविष्य की मजबूत टीम तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
वनडे सीरीज में विराट कोहली की वापसी संभव
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि श्रेयस अय्यर उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। इस दौरान स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी भी हो सकती है। वह हैमस्ट्रिंग चोट के कारण हालिया वनडे सीरीज से बाहर रहे थे, हालांकि उनकी उपलब्धता फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।
भारतीय टीम के इस दौरे को युवा प्रतिभाओं की परीक्षा और भविष्य की टीम निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सभी की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि नए चेहरे अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को किस तरह साबित करते हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
