दलीप ट्रॉफी फाइनल : हार के मुहाने पर साउथ जोन, अंपायर ने तिलक वर्मा को दिया एक और बड़ा झटका

चेन्नई। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में इन दिनों दलीप ट्रॉफी 2026-27 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। ट्रॉफी के लिए आमने-सामने हैं ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमें। ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन ने तिलक वर्मा की टीम साउथ जोन के सामने 708 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा है। जवाब में साउथ जोन अपनी पहली पारी में 336 रन ही बना सकी। कप्तान तिलक वर्मा ने बल्ले टीम को अहम योगदान किया है। उन्होंने 99 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि वह शतक से चूक गए।
मुकाबले में 372 रनों से पिछड़ने के बाद हार के कगार पर खड़ी साउथ जोन की टीम को तब और बड़ा झटका लग गया, जब उसे धीमी ओवर गति के कारण 5 रनों की पेनाल्टी झेलनी पड़ी। यह पेनल्टी ईस्ट जोन की दूसरी पारी के दौरान लगाई गई। पांचवें दिन सुबह के सत्र में टीम की ओवर गति सही नहीं रही। 70वें ओवर पूरा होने के बाद तिलक वर्मा के साथ दोनों अंपायरों की मैदान पर लंबी बातचीत हुई, जिसके बाद ये फैसला लिया गया। पांच रन ईस्ट जोन के खाते में जोड़ दिए गए।
पहली पारी में मिली थी वॉर्निंग
साउथ जोन का ओवर रेट पहले से ही तय मानकों के मुकाबले काफी धीमा था. अंपायरों की ओर से टीम को पहले ही ओवर रेट सुधारने की चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार अंपायरों ने नियम के तहत पांच रनों की पेनल्टी लगा दी. टीम को पहली पारी के दौरान भी धीमी ओवर गति को लेकर कई बार चेतावनी दी गई थी।
साउथ जोन के लिए यह फाइनल पहले ही मुश्किलों से भरा रहा था। पहली पारी में तिलक वर्मा की अगुवाई वाली टीम को कुल 163 ओवरों की गेंदबाजी करनी पड़ी। ईस्ट जोन ने पहली पारी में कप्तान ईशान किशन के शानदार दोहरे शतक (270 रन) की मदद से 708 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ईस्ट जोन की प्लेइंग इलेवन: अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सुदीप कुमार घरामी, शिखर मोहन, ईशान किशन (कप्तान), मोहम्मद कौनैन कुरैशी, अनुकूल रॉय, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार और मुकेश कुमार।
साउथ जोन की प्लेइंग इलेवन रिकी भुई, नारायण जगदीशन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा मिलिंद और एमडी निधीश।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
