एशियन गेम्स 2026 : श्री चरणी का कहर और शेफाली का तूफान, जापान को 8 विकेट से रौंदकर भारत पहुंचा सेमीफाइनल में

निशिन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने जीत का आगाज शानदार जीत के साथ किया है। जापान के निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने जापान को आठ विकेट से रौंद दिया है। इस जीत के साथ ही भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है। भारतीय टीम ने 58 रन के लक्ष्य को भारत ने पांच ओवर में हासिल कर लिया। भारत की जीत में अहम भूमिका श्री चरण की रही। उन्होंने 4 ओवर में महज 10 रन खर्च कर 4 विकेट झटके।
मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही जापानी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते रहे। जापान की टीम 19.5 ओवर में 57 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से अयाका काटो स्टेफॉर्ड ने 47 गेंदों पर 25 रन बनाए, जबकि हारुना इवासाकी ने 22 गेंदों में 10 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा जापान की कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सकी।
शेफाली ने 15 गेंदों में मचाई तबाही
इसके बाद शेफाली वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने लक्ष्य केवल पांच ओवर में हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। शेफाली वर्मा ने 15 गेंद में छह चैके और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, ऋचा घोष छह गेंद में दो चैके की मदद से 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। अब सेमीफाइनल में 20 सितंबर को भारत का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में उसी दिन पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी।
श्री चरणी ने बरपाया कहर
भारत की ओर से श्री चरणी ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में महज 10 रन खर्च करते हुए चार विकेट हासिल किए और जापानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। शेफाली वर्मा ने गेंद से भी योगदान दिया और दो विकेट अपने नाम किए। श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने जापान की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में पूरी तरह नाकाम रही।
अब सेमीफाइनल में बांग्लादेश से भिड़ंत
जापान के खिलाफ शानदार जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब 20 सितंबर को भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश को चीन के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की रैंकिंग में चीन से बेहतर स्थिति के आधार पर सेमीफाइनल में जगह मिली है।
एशिया कप के बाद फिर आमने-सामने
भारत और बांग्लादेश की महिला टीमें हाल ही में एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भी आमने-सामने हुई थीं। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद फाइनल में श्रीलंका को मात देकर भारत ने खिताब अपने नाम किया था।
अब एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच एक बार फिर मुकाबला होगा। जापान के खिलाफ बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है और उसकी नजर अब फाइनल में जगह बनाने पर होगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
