बुधवार, 23 सितंबर 202612:00:47 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

एशियाड 2026 में भारत की बेटियों का गोलों का तूफान : थाईलैंड को 20-1 से रौंदकर पूल में शीर्ष स्थान किया और मजबूत, अब जापान से मुकाबला

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 23, 2026
10:36 AM
थाईलैंड को 20-1 से रौंदकर पूल में शीर्ष स्थान किया और मजबूत, अब जापान से मुकाबला

गिफू। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए पूल बी के मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 20-1 से रौंदकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इतना ही नहीं इस जीत के साथ भारत की बेटियों ने पूल में अपना शीर्ष स्थान और मजबूत कर लिया है।

थाईलैंड के खिलाफ भारत की जीत की सबसे बड़ी स्टार दीपिका रहीं। उन्होंने मुकाबले में अकेले 9 गोल दागे। खास बात यह रही कि दीपिका के सभी नौ गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए। ड्रैग-फ्लिक में अपनी खास पहचान बना चुकी दीपिका ने लगातार थाईलैंड की डिफेंस को परेशान किया। भारत के सेट-पीस अटैक के सामने थाईलैंड की टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई।

नवनीत का भी शानदार प्रदर्शन

दीपिका के अलावा नवनीत कौर ने चार गोल किए, जबकि रुतुजा पिसल ने हैट्रिक पूरी की। नेहा, लालरेम्सियामी, साक्षी राणा और कप्तान सलीमा टेटे ने भी गोल दागकर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया। पूरे मुकाबले में भारतीय टीम ने तेज और आक्रामक हॉकी खेली। गेंद पर नियंत्रण से लेकर गोल करने के मौकों तक भारत ने थाईलैंड पर लगातार दबाव बनाए रखा।

थाईलैंड को आखिरी क्वार्टर में मिला एकमात्र गोल

भारत की मजबूत डिफेंस के सामने थाईलैंड पूरे मुकाबले में सिर्फ एक गोल कर सका। चैथे क्वार्टर के आखिरी हिस्से में सुपांसा समंसो के ड्रैग-फ्लिक पर गेंद डिफ्लेक्ट होकर भारतीय गोल में चली गई। हालांकि तब तक मुकाबला पूरी तरह भारत के पक्ष में जा चुका था।

अब जापान से होगा मुकाबला

भारतीय महिला हॉकी टीम का अगला मुकाबला शुक्रवार को जापान से होगा। नॉकआउट चरण से पहले यह मुकाबला टीम के लिए अपनी लय और मजबूत करने का एक और मौका होगा। भारत की नजर एशियन गेम्स में पिछले प्रदर्शन से बेहतर नतीजे पर है। टीम 1982 के बाद महिला हॉकी में अपना पहला एशियन गेम्स गोल्ड मेडल जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें