आईपीएल 2027 को लेकर हलचल तेज : नीलामी में सजेगी 1220 खिलाड़ियों की मंडी, इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी प्लेयर

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के अगले सत्र को लेकर हलचल तेज हो गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों की नीलामी के लिए पंजीकरण कराने वाले क्रिकेटरों का आंकड़ा जारी किया है। इस बार कुल 1,220 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ी 17 अलग-अलग देशों से ताल्लुक रखते हैं। ऐसे में इस बार की नीलामी में टीमों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
1,220 खिलाड़ियों में 939 भारतीय क्रिकेटर
बीसीसीआई के मुताबिक, पंजीकृत खिलाड़ियों में 184 अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले, 994 बिना अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले और सहयोगी देशों के 42 खिलाड़ी शामिल हैं। बिना अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले खिलाड़ियों में 925 भारतीय हैं। इनमें 127 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो पिछले आईपीएल सत्र में भी खेल चुके हैं।
विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा 53 क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के 40, वेस्टइंडीज के 36, न्यूजीलैंड के 25 और अफगानिस्तान के 23 खिलाड़ी शामिल हैं।

अमेरिका और नेपाल के खिलाड़ियों ने भी दिखाई दिलचस्पी
इस बार सहयोगी देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी भी चर्चा में है। अमेरिका के 13 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल के 10-10 खिलाड़ी सूची में शामिल हैं।
66 स्थानों के लिए टीमों में होगी टक्कर
नीलामी से पहले सभी 10 टीमों ने कुल 184 खिलाड़ियों को अपनी टीम में बरकरार रखा है या चुना है। अब नीलामी में अधिकतम 66 खिलाड़ियों के लिए स्थान खाली हैं, जिनमें 25 विदेशी खिलाड़ियों के लिए जगह होगी। टीमें अपनी पसंद के खिलाड़ियों के नाम देंगी। इसके बाद 4 दिसंबर को अंतिम नीलामी सूची जारी की जाएगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
