आईपीएल 2026 में आज सीएसके V/S एसआरएच : दोनों टीमों के बीच प्वाइंट टेबल में आगे निकलने की रहेगी होड़, जानें हेड-टू-हेड में कौन है आगे

हैदराबाद। आईपीएल 2026 का 27वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के पास इस मैच को जीतकर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका है।
ईशान किशन की कप्तानी में खेल रही एसआरएच का अबतक का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। टीम सीजन के 5 मैचों में 2 जीत और 3 हार के साथ अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। पिछले मैच में एसआरएच ने मजबूत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 57 रन से हराया था। आरआर के खिलाफ जीत ने निश्चित तौर पर टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाया है, लेकिन टीम को अपने प्रदर्शन में सुधार लाना होगा।
हेड की असफलता टीम के लिए बड़ी चिंता
बल्लेबाजी में ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन निरंतरता के साथ रन बना रहे हैं। अभिषेक शर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने भी कुछ अच्छी पारियां खेली हैं। ट्रेविस हेड की लगातार असफलता टीम के लिए बड़ी चिंता बनी है। हेड की असफलता की वजह से एसआरएच को अच्छी शुरुआत नहीं मिल पा रही है। उनका का फॉर्म में लौटना एसआरएच के लिए अहम है।
गेंदबाजी में हिंगे-हसन ने टीम को दी मजबूती
गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हसन ने टीम को मजबूती दी है। ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार ने भी अच्छी गेंदबाजी की है। आरआर के खिलाफ हिंगे और हुसैन ने डेब्यू करते हुए टीम को जीत दिलाई थी। सीएसके के खिलाफ भी कप्तान ईशान को इन दोनों से काफी उम्मीदें होंगी।
दो मैच जीतकर आत्मविश्वास से लवरेज सीएसके
सीएसके की बात करें तो सीजन की शुरुआत टीम के लिए बेहद निराशाजनक रही थी। टीम ने शुरुआती 3 मैच गंवाए थे, लेकिन इसके बाद लगातार 2 मैचों में जीत हासिल करने के बाद आत्मविश्वास बढ़ा है। टीम अंकतालिका में आठवें स्थान पर है। सीएसके जीत की लय को एसआरएच के खिलाफ भी बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
संजू-म्हात्रे को छोड़ नहीं चल रहा कोई बल्लेबाज
सीएसके की सबसे बड़ी समस्या उसकी बल्लेबाजी है। संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज फॉर्म में नहीं दिखा है। डेवाल्ड ब्रेविस ने पिछले मैच में जरूर अच्छी पारी खेली थी। जेमी ओवरटन ने भी निचले क्रम में आकर अच्छी बल्लेबाजी की है। एसआरएच के खिलाफ इन बल्लेबाजों के साथ ही कप्तान और पारी की शुरुआत कर रहे ऋतुराज गायकवाड़ को भी प्रभावी पारी खेलनी होगी। शिवम दुबे को भी अपना जाना-माना अंदाज दिखाना होगा। एमएस धोनी के इस मैच में भी खेलने की संभावना कम है।
खलील अहमद के बाहर होने से सीएसके की गेंदबाजी कमजोर हुई है। अंशुल कंबोज, गुरजपनीत और जेमी ओवरटन को तेज गेंदबाजी तो अकिल हुसैन और नूर अहमद को अपनी स्पिन से पिछले मैच की तरह कमाल दिखाना होगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
