आईपीएल प्लेऑफ में बना छक्कों का नया रिकॉर्ड : वैभव के बल्ले ने उगली आग, अकेले उड़ाए 12 गगनभेदी भक्के

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली। इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 26 छक्के जड़े, जो आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में नया रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले 2025 के एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के मैच में 25 छक्के लगे थे।
यशस्वी-वैभव की रिकॉर्ड साझेदारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 125 रन जोड़कर हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।

यशस्वी जायसवाल ने 29 गेंदों में 29 रन बनाए, लेकिन असली शो वैभव सूर्यवंशी ने चुराया। वैभव ने मात्र 29 गेंदों में 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चैके और 12 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनकी बल्लेबाजी के सामने एसआरएच के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
मध्यक्रम में ध्रुव जुरेल ने भी तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों पर 50 रन बनाए। कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों में 26 रन जोड़े, जबकि रविंद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवर में विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरी हैदराबाद
244 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ट्रेविस हेड 17 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने।
ईशान किशन ने 11 गेंदों में 33 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। हेनरिक क्लासेन भी 18 रन बनाकर चलते बने। नीतीश कुमार रेड्डी ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए, जबकि साहिल अरोड़ा ने 35 और शिवांग कुमार ने 27 रनों का योगदान दिया। बावजूद इसके पूरी टीम 196 रन पर सिमट गई।
आर्चर और जडेजा ने गेंदबाजी में दिखाया दम
राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट हासिल कर हैदराबाद की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। राजस्थान की इस शानदार जीत ने टीम का मनोबल बढ़ा दिया है और अब उसकी नजरें फाइनल में पहुंचने पर टिकी हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
