CG Congress protest : खाद-बीज संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन,सरकार पर बोला जुबानी हमला

रायपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने रायपुर जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। किसान कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और किसानों को समय पर खाद, बीज, डीजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
खाद-बीज की कमी से बढ़ी किसानों की चिंता
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में खाद की कालाबाजारी बढ़ने के कारण किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वहीं गुणवत्तापूर्ण बीजों की कमी भी किसानों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों के हक की लड़ाई लड़ रही कांग्रेस : विकास उपाध्याय
रायपुर पश्चिम से पूर्व सांसद विकास उपाध्याय ने कहा कि किसानों की आवाज उठाने पर पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान परेशान हैं, खाद-बीज के लिए संघर्ष कर रहे हैं और आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। खाद-बीज की समस्या को लेकर आवाज उठा रही है, जबकि सरकार किसानों की परेशानियों के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है।"

सरकार की अनदेखी से किसान बर्बाद हो रहे : धनेंद्र साहू
पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू ने राज्य सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को जानबूझकर पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इससे खेती प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा, "किसान लगातार संकट झेल रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय मौन बनी हुई है।"
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने बताया कि किसान कांग्रेस के बैनर तले प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में किसानों के लिए डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा खाद और बीज की समय पर आपूर्ति कराने की मांग की गई है।
बिजली कटौती का मुद्दा भी उठा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। पार्टी का कहना है कि बार-बार बिजली बाधित होने से सिंचाई सहित अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
