छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का खतरा! : गरियाबंद में कोरोना और स्वाइन फ्लू की दस्तक, 3 पॉजिटिव केस मिले; 13 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार चिंता बढ़ा रहा है। राजधानी रायपुर के बाद अब गरियाबंद जिले में भी स्वाइन फ्लू के दो मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना का एक पॉजिटिव मरीज भी मिला है। एक साथ तीन पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी की जा रही है।
कोरोना का एक और स्वाइन फ्लू के दो मरीज
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक गरियाबंद जिले में सामने आए तीन पॉजिटिव मामलों में एक मरीज कोरोना संक्रमित है, जबकि दो मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।कोरोना संक्रमित मरीज गरियाबंद मुख्यालय का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं स्वाइन फ्लू के दो मरीजों में एक मैनपुर और दूसरा गरियाबंद का निवासी बताया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तीनों मामलों में ट्रैवल हिस्ट्री सामने आने की बात कही जा रही है। संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य अमला मरीजों की स्थिति और उनके संपर्क में आए लोगों पर नजर बनाए हुए है।
13 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे
संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए करीब 13 लोगों के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। अब इनकी रिपोर्ट का इंतजार है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सैंपल की रिपोर्ट करीब 24 से 48 घंटे में आने की संभावना है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जिले में संक्रमण का दायरा कितना है और संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों में संक्रमण की स्थिति क्या है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
कोरोना और स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है।विभाग ने लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी है। साथ ही जरूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है।
छत्तीसगढ़ में 344 लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में
वहीं प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 344 लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 122 मरीज सक्रिय हैं।आंकड़ों के मुताबिक 32 मरीजों को घर पर अलग रखकर इलाज दिया जा रहा है, जबकि 90 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी मरीज की हालत गंभीर होने की सूचना नहीं है और स्वाइन फ्लू से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।
गरियाबंद में कोरोना और स्वाइन फ्लू के नए मामले सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ गई है। वहीं 13 संपर्कों की जांच रिपोर्ट आने के बाद जिले में संक्रमण की वास्तविक स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
