छात्रा से अश्लील फोटो-वीडियो मांग रहा था शिक्षक : नाबालिग छात्रा को अश्लील फोटो-वीडियो भेजने का दबाव बनाने वाला अतिथि शिक्षक गिरफ्तार

लोकेशन — पखांजूर, छत्तीसगढ़
संवाददाता — देवजीत देवनाथ
पखांजूर में नाबालिग स्कूली छात्रा को परीक्षा में फेल करने का डर दिखाकर अश्लील फोटो और वीडियो भेजने के लिए कथित तौर पर मानसिक दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने एक अतिथि शिक्षक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान आशीष मंडल, उम्र 30 वर्ष, निवासी पी.व्ही.-40 पुरुषोत्तम नगर के रूप में हुई है। आरोपी पखांजूर क्षेत्र के हायर सेकेंडरी स्कूल मरोड़ा में गणित विषय पढ़ाता था।
अतिरिक्त कक्षा के दौरान लिया छात्रा का मोबाइल नंबर
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को आरोपी शिक्षक ने स्कूल में अतिरिक्त गणित की कक्षा ली थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर नाबालिग छात्रा का मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद छात्रा को अश्लील संदेश भेजने और अश्लील फोटो-वीडियो भेजने के लिए दबाव बनाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छात्रा को परीक्षा में फेल करने का डर भी दिखाया, जिसके कारण छात्रा मानसिक रूप से परेशान हुई।
मां की शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
मामले में पीड़ित छात्रा की मां ने 20 अगस्त को बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी अतिथि शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पॉक्सो समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 75, पॉक्सो एक्ट की धारा 12 और आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जिला जेल कांकेर भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील
कुलदीप बंजारे — SDOP, पखांजूर पुलिस ने नाबालिगों से जुड़े मामलों में अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी तरह के अनुचित संदेश, धमकी या ऑनलाइन दबाव की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस जांच के आधार पर सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
