रविवार, 4 अक्टूबर 202610:31:20 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

वन विभाग के पहुंचने तक कमरे में कैद रहा तेंदुआ : महासमुंद घर में घुसा तेंदुआ, 6 ग्रामीण घायल; रात 2 बजे मची अफरातफरी, रेस्क्यू टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Oct 04, 2026
11:48 AM
महासमुंद घर में घुसा तेंदुआ, 6 ग्रामीण घायल; रात 2 बजे मची अफरातफरी, रेस्क्यू टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ अचानक एक ग्रामीण के घर में घुस गया। तेंदुए ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया, जिसमें 6 लोग घायल हो गए। घटना कोमाखान तहसील के ग्राम पंचायत झिटकी की है।

रात 2 बजे घर में घुसा तेंदुआ

जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 2 बजे तेंदुआ ग्राम झिटकी निवासी सरजू यादव के घर में घुस गया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ गांव में कुत्ते का शिकार करने की तलाश में पहुंचा था।

रात में परिवार का एक सदस्य लघुशंका के लिए उठा, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद तेंदुआ घर के दूसरे हिस्से में पहुंच गया, जहां परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। अचानक तेंदुए को घर के अंदर देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बच्चों को लेकर कमरे से बाहर निकला परिवार

हमले के बाद परिवार के लोगों ने अपनी और बच्चों की जान बचाने के लिए कमरे से बाहर निकलकर तेंदुए को उसी कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही कोमाखान पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की।

6 लोग घायल, महासमुंद जिला अस्पताल रेफर

तेंदुए के हमले में घायल सभी छह लोगों को पहले उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद डीएफओ, एसडीओ और रेंजर समेत वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।

किसी के चेहरे तो किसी के हाथ-पैर में गंभीर चोट

तेंदुए के हमले में उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है। वहीं सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। घायलों में तीन की स्थिति गंभीर होने की बात सामने आई है

एक दिन पहले भी किया था हमला

ग्रामीणों के मुताबिक, यही तेंदुआ एक दिन पहले ग्राम पंडरीपानी में लकड़ी बीनने गए एक व्यक्ति पर भी हमला कर चुका था। इस हमले में भी व्यक्ति घायल हुआ था।

लगातार दो दिनों में तेंदुए के हमले की घटनाओं से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर डर बना हुआ था।

रायपुर की रेस्क्यू टीम ने किया तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलने के बाद रायपुर से रेस्क्यू टीम भी झिटकी पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए घर में बंद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। तेंदुए के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि घटना के बाद गांव में अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण वन विभाग से क्षेत्र में लगातार निगरानी की मांग कर रहे हैं।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें