ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा : बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा रोड पर बड़ा हादसा टला, पुल टूटा तो बीच में फंसी यात्री बस, 35 यात्रियों की बची जान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा रोड पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक पुल अचानक दो हिस्सों में टूट गया। इसी दौरान पुल से गुजर रही यात्री बस टूटे हुए स्लैब के किनारे पर अटक गई और पुल के बीचों-बीच फंस गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5 बजे बस पुल के बीच पहुंची ही थी कि अचानक तेज आवाज के साथ पुल का स्लैब धंस गया। कुछ ही सेकंड में पुल दो हिस्सों में बंट गया। बस का अगला हिस्सा टूटे हुए स्लैब के किनारे अटक गया, जिससे वह पुलिया में फंस गई।
ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
पुल के अचानक टूटने के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित रखा, जिससे बस पुल से नीचे गिरने से बच गई। घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
जर्जर था पुल, बारिश के बाद बढ़ा खतरा
बताया जा रहा है कि यह पुल पहले से ही जर्जर हालत में था। लगातार हो रही बारिश के कारण पुल की स्थिति और खराब हो गई थी। रविवार को अचानक स्लैब धंसने से पुल दो हिस्सों में टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुल टूटने के कारण इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
