'मातृभूमि' का प्रमोशन में खुलासा : सलमान खान ने किया कन्फर्म, जरूर बनेगी 'दबंग 4'! 'बजरंगी भाईजान 2' को लेकर किया बड़ा खुलासा !

मुंबई। बॉलीवुड के दबंग यानी सलमान खान के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। चुलबुल पांडे एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने वाले हैं। सलमान खान ने अपनी अपकमिंग वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि' के प्रमोशन के दौरान कन्फर्म कर दिया है कि उनकी सुपरहिट फ्रेंचाइजी 'दबंग' का चौथा पार्ट यानी 'दबंग 4' जरूर बनेगा।
सलमान खान ने साफ कहा कि 'दबंग' तो पक्का आएगी, क्योंकि इस फ्रेंचाइजी की कमान उनके अपने हाथों में है। उन्होंने बताया कि दूसरी फिल्मों के मुकाबले 'दबंग' को लेकर फैसले लेने का अधिकार उनके पास है। हालांकि, फिल्म की शूटिंग और रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दरअसल, सलमान खान और उनके भाई अरबाज खान फिलहाल 'दबंग 4' के लिए एक दमदार कहानी की तलाश में हैं। दोनों चाहते हैं कि फिल्म की स्क्रिप्ट ऐसी हो, जिस पर उनकी पूरी सहमति बने और चुलबुल पांडे का किरदार एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन कर सके। ऐसे में फैंस को फिल्म के फ्लोर पर आने का इंतजार करना होगा।
वहीं, सलमान खान ने अपनी एक और चर्चित फिल्म 'बजरंगी भाईजान' के सीक्वल को लेकर भी अपना रुख साफ कर दिया है। अभिनेता ने 'बजरंगी भाईजान 2' बनाने से फिलहाल इनकार किया है। उनका मानना है कि पहली फिल्म को दर्शकों से जो प्यार और लोकप्रियता मिली, उसके बाद दूसरे पार्ट की तुलना हमेशा पहले हिस्से से होगी। अगर सीक्वल दर्शकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया, तो इससे सभी निराश होंगे।
गौरतलब है कि 'दबंग' फ्रेंचाइजी में सलमान खान का चुलबुल पांडे वाला अंदाज दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा है। अब सलमान के इस बयान के बाद फैंस को 'दबंग 4' का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि, फिल्म की कहानी, स्टारकास्ट, शूटिंग और रिलीज डेट से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार अभी बाकी है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
