बिन शादी मां बनना चाहती हैं आम्रपाली दुबे : लव गिल से बातचीत में छलका मातृत्व प्रेम, बोलीं- जिंदगी में अब सिर्फ एक ही सपना

मुंबई। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों रियलिटी शो बिग बॉस-20 को लेकर चर्चा में हैं। शो में अपने बेबाक अंदाज और खास व्यक्तित्व से दर्शकों का ध्यान खींचने वाली आम्रपाली ने इस बार अपनी निजी जिंदगी को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी को भावुक कर दिया। अभिनेत्री ने मां बनने की अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि जिंदगी के इस पड़ाव पर उनके लिए मां बनना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अब उन्हें किसी और चीज से ज्यादा अपने बच्चे को पालने का सपना दिखाई देता है।
लोगों की देखभाल करना मेरा गेम नहीं, मेरा असली स्वभाव है
दरअसल, शो के दौरान आम्रपाली दुबे ने अपनी साथी कंटेस्टेंट लव गिल के साथ बातचीत में अपने स्वभाव और मातृत्व की इच्छा पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शो में वह जिस तरह दूसरे लोगों का ख्याल रखती हैं, उसे कुछ लोग उनके गेम का हिस्सा समझते हैं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है।
आम्रपाली ने कहा, लोग सोचते हैं कि शो में मैं जैसे रहती हूं और लोगों के साथ व्यवहार करती हूं, वो मेरे गेम का हिस्सा है, लेकिन नहीं यार, यह मेरे व्यक्तित्व का हिस्सा है। इस समय मुझे सिर्फ मां बनना दिख रहा है और कुछ नहीं। अभिनेत्री के मुताबिक, दूसरों की चिंता करना और उनकी जरूरतों का ध्यान रखना उनके व्यक्तित्व का स्वाभाविक हिस्सा बन चुका है।
घर के सदस्यों को मानती हैं अपने बच्चे
बातचीत के दौरान आम्रपाली ने बताया कि वह घर में मौजूद यंग डीएससी, स्काउट ओपी और लव गिल के प्रति भी एक मां की तरह सुरक्षात्मक महसूस करती हैं। वह इन सभी का ख्याल उसी तरह रखती हैं, जैसे कोई मां अपने बच्चों की देखभाल करती है। उन्होंने कहा कि वह किसी के सामने परवाह करने का दिखावा नहीं कर सकतीं। उनके साथ कोई भी रहे, वह उसका ध्यान जरूर रखेंगी। अभिनेत्री ने यह भी माना कि शायद उनकी उम्र और जीवन के इस पड़ाव ने मातृत्व की इच्छा को और मजबूत कर दिया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
