भविष्य में नया इतिहास लिखेंगे बेबी बाॅस : टी20 किंग की वैभव पर बड़ी भविष्यवाणी, बटलर ने क्रिकेट जगत का खींचा ध्यान

नई दिल्ली। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रचते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। द हंड्रेड टूर्नामेंट में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए बटलर ने वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद बटलर ने भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर ऐसी भविष्यवाणी की, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
वैभव को बताया भविष्य का रिकॉर्डधारी
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में बटलर ने कहा कि टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड हमेशा उनके पास नहीं रहेगा। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, एक दिन कोई इस रिकॉर्ड को जरूर तोड़ेगा और मुझे लगता है कि उसका नाम वैभव सूर्यवंशी होगा। बटलर का यह बयान 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज की प्रतिभा पर उनके भरोसे को दर्शाता है।
कम उम्र में मचाया धमाल
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले एक साल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को प्रभावित किया है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों में जगह बनाई। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए पहले मुकाबले में सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। वहीं तीसरे मैच में 49 गेंदों पर 81 रन बनाकर अपनी मैच जिताऊ क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
आईपीएल में भी बरपा चुका है कहर
वैभव का बल्ला आईपीएल 2026 में भी जमकर बोला। उन्होंने 16 मैचों में 48 की औसत और 237 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनकी लगातार शानदार पारियों ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सुपरस्टार बना दिया है।
बटलर ने तोड़ा पोलार्ड का रिकॉर्ड
द हंड्रेड में वेल्श फायर के खिलाफ मुकाबले में बटलर ने केवल 20 गेंदों में 51 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें दो चैके और छह छक्के शामिल रहे। इस पारी के साथ उनके टी20 करियर के कुल रन 14,833 हो गए। उन्होंने 14,803 रन बनाने वाले कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया। इस सूची में 14,562 रन के साथ क्रिस गेल तीसरे स्थान पर हैं। बटलर की उपलब्धि के साथ ही वैभव सूर्यवंशी को लेकर उनकी भविष्यवाणी भी अब क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
