पीतांबरा माई सब देख रही है : धन्यवाद सभा से जीतू ने दतिया कलेक्टर-एसपी को चेताया, जनता को बताया लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस ने गुरुवार को धन्यवाद सभा का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में जिला प्रशासन पर निशान साधते हुए कड़ी चेतावनी दी। जीतू पटवारी ने उपचुनाव के दौरान कलेक्टर और एसपी पर निष्पक्षता का भी आरोप लगाया। वहीं उन्होंने दतिया की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यहां की जनता ने अपने मत से यह साबित कर दिया की लोकतंत्र में जनता की ताकत सबसे बड़ी होती है।
सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने तीखे अंदाज में कहा, सुन लो एसपी और कलेक्टर, तुमने मुख्यमंत्री से जिताने का ठेका लिया था क्या? जनता से बड़े हो गए हो? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है और किसी भी अधिकारी को यह नहीं भूलना चाहिए कि वह जनता के प्रति जवाबदेह है। पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने अपने मत से यह साबित कर दिया कि लोकतंत्र में जनता की ताकत सबसे बड़ी होती है।
पीतांबरा माई सब देख रही हैं
अपने संबोधन में पटवारी ने धार्मिक आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पीतांबरा माई सब कुछ देख रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने अहंकार और दबाव की राजनीति को नकार दिया है। उनके अनुसार लोकतंत्र में जीत जिम्मेदारी निभाने का अवसर देती है, न कि सत्ता का अहंकार दिखाने का। उन्होंने यह भी कहा कि दतिया में व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और जिले में गुंडागर्दी या भय का माहौल किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पटवारी ने कहा कि पीतांबरा माई की कृपा से कांग्रेस को यह जीत मिली है और यह जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया।
सिंघार ने सरकार पर बोला हमला
वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दतिया की जनता ने ऐसे जनप्रतिनिधि को चुना है, जो डर और आतंक की राजनीति नहीं बल्कि विकास और विश्वास की राजनीति में भरोसा रखता है। उन्होंने इस जीत को प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया।
घनश्याम सिंह बोले- राजनीति में दाग लगते ही हैं
सभा में नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह ने अपेक्षाकृत संतुलित और संयमित भाषण दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में जीत और हार दोनों जीवन का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, मैं कई चुनाव जीता हूं और कई हारा भी हूं। राजनीति काजल की कोठरी जैसी होती है, इसमें जो भी प्रवेश करता है, उस पर कुछ न कुछ दाग जरूर लगते हैं। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे क्षेत्र के विकास और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
