गुरुवार, 6 अगस्त 202610:42:54 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

गोल्ड जीतकर लौटूंगी... बेटी ने निभाया वादा : विजेंदर से मिली प्रेरणा, विराट को कहा धन्यवाद, भिवानी में साक्षी का हुआ भव्य स्वागत

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 06, 2026
09:56 AM
विजेंदर से मिली प्रेरणा, विराट को कहा धन्यवाद, भिवानी में साक्षी का हुआ भव्य स्वागत

भिवानी। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली भारतीय मुक्केबाज साक्षी चैधरी का हरियाणा के भिवानी स्थित उनके घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान साक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच और देशवासियों को देते हुए कहा कि यह स्वर्ण पदक पूरे भारत को समर्पित है।

मीडिया से बातचीत में साक्षी ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने अपने माता-पिता से वादा किया था कि वह स्वर्ण पदक जीतकर ही लौटेंगी। अब उस वादे को पूरा कर पाने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जब अपने लोगों का इतना प्यार और सम्मान मिलता है तो आगे और बेहतर प्रदर्शन करने का हौसला भी बढ़ जाता है।

राष्ट्रगान की गूंज बनी सबसे यादगार पल

51 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीतने वाली साक्षी ने कहा कि ग्लासगो में पोडियम पर खड़े होकर भारत का राष्ट्रगान सुनना उनके जीवन का सबसे भावुक और गर्वभरा क्षण था। उन्होंने कहा कि तिरंगे को सबसे ऊपर लहराते देखना किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ा सपना होता है। विदेश की धरती पर अपने देश का सम्मान बढ़ाना और राष्ट्रगान की धुन पर खड़े होना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।

साक्षी ने कहा कि खिलाड़ी वर्षों तक कड़ी मेहनत केवल इस एक पल के लिए करते हैं। जब मेहनत का फल देश के लिए स्वर्ण पदक के रूप में मिलता है, तो सारी कठिनाइयां और संघर्ष सार्थक लगने लगते हैं।

विजेंदर से मिली प्रेरणा, विराट को कहा धन्यवाद

साक्षी ने अपने मुक्केबाजी करियर की शुरुआत का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने ओलंपिक पदक विजेता विजेंदर सिंह से प्रेरित होकर इस खेल को चुना था। उन्होंने भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली का भी विशेष आभार जताया। साक्षी ने बताया कि उनकी खेल यात्रा में विराट कोहली का सहयोग महत्वपूर्ण रहा और उन्होंने प्रायोजक के रूप में हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया।

भारतीय मुक्केबाजी का ऐतिहासिक प्रदर्शन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 भारतीय मुक्केबाजी के लिए ऐतिहासिक साबित हुए। भारतीय महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं, पूरी भारतीय मुक्केबाजी टीम ने कुल 10 पदक जीतकर नया कीर्तिमान बनाया। रेसलिंग, बैडमिंटन, हॉकी और निशानेबाजी जैसे प्रमुख खेल शामिल नहीं होने के बावजूद भारत ने 13 स्वर्ण सहित कुल 39 पदक जीतकर अपनी मजबूत खेल प्रतिभा का परिचय दिया। इस उपलब्धि में साक्षी चैधरी जैसी खिलाड़ियों की भूमिका सबसे अहम रही, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें