गुरुवार, 2 जुलाई 202606:48:31 PM
Download App
Home/विदेश

विंबलडन 2026ः : जोकोविच का धमाकेदार प्रदर्शन जारी, सर्वियाई दिग्गज ने ग्रीस के सिटसिपास को रौंदकर 20वीं बार तीसरे दौर में ली एंट्री

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 02, 2026
08:04 AM
जोकोविच का धमाकेदार प्रदर्शन जारी, सर्वियाई दिग्गज ने ग्रीस के सिटसिपास को रौंदकर 20वीं बार तीसरे दौर में ली एंट्री

लंदन। सात बार के चैंपियन और दुनिया के दिग्गज टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच का विंबलडन 2026 में विराट दम देखने को मिला है। उन्होंने दूसरे दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीस के स्टेफोनास सिटसिपास को करारी शिकस्त देकर तीसरे दौरे एंट्री ले ली है। जोकोविच ने महज 98 मिनट में 6-3, 6-4, 6-2 से सिटसिपास पर जीत दर्ज कर कोर्ट में अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने पूरी स्पर्धा के दौरान आक्रामक खेल, सटीक सर्विस और बेहतरीन रिटर्न का शानदार प्रदर्शन किया, जबकि सिटसिपास उनके अनुभव और लय के सामने बेबस नजर आए।

पहले दौर में चार सेट तक संघर्ष करने वाले जोकोविच इस बार बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। मैच की शुरुआत से ही उन्होंने आक्रामक रवैया अपनाया और सिटसिपास को लय बनाने का मौका नहीं दिया। पहले सेट में दमदार सर्विस और सटीक ग्राउंड स्ट्रोक्स की बदौलत उन्होंने सिर्फ 27 मिनट में 6-3 से बढ़त बना ली।

दूसरे सेट में मिली चुनौती, अनुभव आया काम

दूसरे सेट में स्टेफानोस सिटसिपास ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की। उनकी सर्विस बेहतर रही और कुछ समय तक दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि, अहम मौकों पर जोकोविच ने अपने अनुभव का परिचय दिया। लंबी रैलियों में धैर्य बनाए रखते हुए उन्होंने सही समय पर सर्विस ब्रेक किया और 6-4 से दूसरा सेट भी अपने नाम कर लिया।

तीसरे सेट में पूरी तरह छाए रहे सर्बियाई स्टार

तीसरे सेट में जोकोविच ने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया। 3-2 की बढ़त के बाद उन्होंने सिटसिपास की सर्विस तोड़ी और फिर उन्हें वापसी का कोई मौका नहीं दिया। लगातार शानदार विनर्स और बेहतरीन रिटर्न के दम पर उन्होंने सेट 6-2 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पूरे मैच में जोकोविच ने 33 विनर्स लगाए और केवल सात अनफोर्स्ड एरर्स किए, जो उनके बेहतरीन नियंत्रण और लय का प्रमाण रहे।

20वीं बार तीसरे दौर में पहुंचे जोकोविच

इस जीत के साथ नोवाक जोकोविच ने विंबलडन में 20वीं बार तीसरे दौर में जगह बनाई। वहीं, स्टेफानोस सिटसिपास के खिलाफ उनका दबदबा भी बरकरार रहा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 14 मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें जोकोविच ने 12वीं जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि सिटसिपास के खिलाफ उन्होंने लगातार 11वां मुकाबला अपने नाम किया।

जीत के बाद क्या बोले जोकोविच?

मुकाबले के बाद जोकोविच ने कहा कि जब कोर्ट पर इस तरह का प्रदर्शन होता है तो बेहद संतोष मिलता है। उन्होंने बताया कि एक बार लय मिलने के बाद उनका आत्मविश्वास लगातार बढ़ता गया। जोकोविच ने विशेष रूप से उस गेम का जिक्र किया, जब वह 5-2 से आगे थे। उनके अनुसार, हाल के समय में वह उनके सबसे बेहतरीन रिटर्न गेम्स में से एक था। उन्होंने कहा कि उस दौरान वह पूरी तरह सहज थे और बिना किसी दबाव के अपने शॉट्स खेल रहे थे, जिसका नतीजा शानदार जीत के रूप में सामने आया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें