गुरुवार, 2 जुलाई 202608:23:20 PM
Download App
Home/देश

पाक के नापाक मंसूबों का भंडाफोड़ : दिल्ली में धराए आईएसआई के 4 गुर्गे, शाहजाद भट्टी के इशारे पर राजधानी दहलाने रच रहे थे साजिश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 02, 2026
07:14 AM
दिल्ली में धराए आईएसआई के 4 गुर्गे, शाहजाद भट्टी के इशारे पर राजधानी दहलाने रच रहे थे साजिश

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को दहलाने की बड़ी साजिश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक अंतर-राज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि ये आरोपी पाकिस्तानी हैंडलरों के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से विदेशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों को ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ उपलब्ध कराए जाते थे।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और गगनप्रीत के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि गगनप्रीत दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के सीधे संपर्क में थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए वे विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिन्हें पाकिस्तानी हैंडलरों की ओर से उपलब्ध कराया गया था।

विदेशी हथियार और कारतूस बरामद

स्पेशल सेल ने आरोपियों के पास से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों से आतंकी नेटवर्क और पाकिस्तान में बैठे संचालकों से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।

दिल्ली में रेकी और गोलीबारी की थी तैयारी

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों, पुलिस पिकेट और धार्मिक स्थलों की रेकी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह इन स्थानों के वीडियो बनाकर पाकिस्तानी हैंडलरों को भेज रहा था। इसके अलावा उसे राजधानी में गोलीबारी की एक बड़ी घटना को अंजाम देने का भी निर्देश दिया गया था, ताकि दहशत का माहौल बनाया जा सके।

खुफिया सूचना के बाद चला बड़ा ऑपरेशन

स्पेशल सेल को विश्वसनीय खुफिया इनपुट मिला था कि आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी दिल्ली-एनसीआर में आतंकी घटना की साजिश रच रहा है और इसके लिए पंजाब के युवाओं की भर्ती की गई है। सूचना के आधार पर तकनीकी निगरानी बढ़ाई गई और दिल्ली तथा पंजाब में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की गई।

ऑपरेशन के दौरान सबसे पहले अमृतसर से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक विदेशी पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसे ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थ प्राप्त होते थे। इसके बाद उसके सहयोगी गुरजंट सिंह और साजन सिंह को भी पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से जिगाना पिस्तौल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। बाद में 24 अप्रैल 2026 को गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जिसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें