भाजपा प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल के नेतृत्व के साल पूरे : पार्टी के दिग्गजों ने हेमंत को दी बधाई, संगठन को मजबूत करने के योगदान को सराहा मोहन ने

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व का एक वर्ष पूरा होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल में खंडेलवाल के नेतृत्व में संगठन ने नई ऊर्जा और मजबूती हासिल की है। उन्होंने उनके सरल स्वभाव, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यशैली की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी पार्टी नए आयाम स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुभकामना संदेश में कहा कि हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा संगठन ने बीते एक वर्ष में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की शैली ने पार्टी की विचारधारा को और मजबूत किया है। मुख्यमंत्री ने उनके सफल और स्वस्थ भविष्य की कामना भी की।
कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कुशल संगठनकर्ता
प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने भी खंडेलवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुशासित कार्यशैली, संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर संवाद ने पार्टी में नई ऊर्जा का संचार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन लगातार नई सफलताएं हासिल करेगा।
कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठन विस्तार पर रहा फोकस
जुलाई 2025 में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद हेमंत खंडेलवाल ने संगठन को मजबूत करने के लिए कई नई पहल शुरू कीं। उन्होंने मंत्रियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नियमित संवाद की व्यवस्था बनाई, जिससे संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सका। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की परंपरा भी शुरू की गई।
हाल के महीनों में विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री मोहन यादव पर लगाए गए आरोपों के दौरान भी खंडेलवाल पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल रहे।
राजनीतिक विरासत के साथ सक्रिय संगठनकर्ता
हेमंत खंडेलवाल भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में रहे स्वर्गीय विजय खंडेलवाल के पुत्र हैं। वे पहले सांसद और बाद में विधायक भी रह चुके हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने से पहले उन्होंने पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। संगठन में लंबे अनुभव और सक्रिय कार्यशैली के चलते उन्हें प्रदेश नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसके एक वर्ष पूरे होने पर पार्टी नेतृत्व ने उनके कार्यों की सराहना की है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
