गुरुवार, 2 जुलाई 202608:04:17 PM
Download App
Home/देश

आखिरकार मप्र में सक्रिय हुआ मानसून, : सभी 55 जिलों में पहुंची राहतभरी फुहारें, उफना पर आए नदी-नाले, चार दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

admin

admin

Jul 02, 2026
02:47 PM
सभी 55 जिलों में पहुंची राहतभरी फुहारें,  उफना पर आए नदी-नाले, चार दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

भोपाल। मध्यप्रदेश में आखिरकार मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को मानसून ने प्रदेश के सभी 55 जिलों को अपने दायरे में ले लिया। राजधानी भोपाल सहित कई शहरों में दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली। प्रदेश के कई जिलों में हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए, मौसम विभाग की मानें तो ग्वालियर, रीवा, सीहोर, रतलाम और पांढुर्णा समेत कई जिलों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई।

चार दिन तक बना रहेगा बारिश का असर

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 5 जुलाई तक बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा। 3 जुलाई को धार और बड़वानी में अति भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 4 जुलाई को खरगोन में भी अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आएगी, वहीं आम नागरिकों को जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बता दें कि इस वर्ष मानसून ने 24 जून को प्रदेश में प्रवेश किया था और लगभग नौ दिनों में पूरे राज्य में फैल गया। हालांकि इसकी शुरुआत सामान्य तिथि की तुलना में करीब नौ दिन देरी से हुई।

अब तक सामान्य से कम बारिश, जुलाई से उम्मीदें बढ़ीं

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक औसतन 100.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 139.7 मिमी होनी चाहिए थी। यानी अब तक प्रदेश में करीब 28 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि जुलाई महीने में मानसून पूरी रफ्तार पकड़ेगा और बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। इससे खेती-किसानी और जल स्रोतों को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

13 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान 4 से 8 इंच तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में बरसेंगे मेघ

राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, विदिशा, राजगढ़, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, शाजापुर, आगर-मालवा, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, कटनी, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित अनेक जिलों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने का अनुमान है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें