ओरल-मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के नए आयामों पर मंथन : भोपाल में जुटे देश-विदेश के दिग्गज सर्जन, त्रिपुरा के सीएम भी युवा डाॅक्टरों का करेंगे मार्गदर्शन

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल इन दिनों ओरल और मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के क्षेत्र के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का केंद्र बनी हुई है। तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित सर्जन, शोधकर्ता और चिकित्सा शिक्षक आधुनिक सर्जिकल तकनीकों, अनुसंधान और चिकित्सा शिक्षा के नए आयामों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री एवं प्रख्यात ओरल और मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. माणिक साहा हैं, जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया है।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने किया स्वागत
गुरुवार को भोपाल पहुंचने पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने अपने आवास पर डॉ. माणिक साहा का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उनकी पत्नी स्वप्ना साहा भी मौजूद रहीं। दोनों नेताओं के बीच स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि यह सम्मेलन सर्जनों, शोधकर्ताओं, मेडिकल शिक्षकों और पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थियों के लिए अनुभव साझा करने तथा नई तकनीकों को समझने का उत्कृष्ट मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि डॉ. माणिक साहा जैसे प्रतिष्ठित सर्जन की उपस्थिति युवा चिकित्सकों को नई दिशा और प्रेरणा देगी।
एक संपूर्ण सर्जन का निर्माण है सम्मेलन की थीम
2 से 4 जुलाई तक आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया, मध्यप्रदेश स्टेट चैप्टर और पीपल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम एक संपूर्ण सर्जन का निर्माण रखी गई है।
सम्मेलन में वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक सर्जिकल तकनीक, जटिल क्लीनिकल प्रक्रियाओं और चिकित्सा शिक्षा में उभरते नए रुझानों पर विशेषज्ञ अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। साथ ही अत्याधुनिक तकनीकों पर कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए नवाचार को बढ़ावा देना है।
वैश्विक मानकों से रूबरू होंगे युवा डॉक्टर
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य वरिष्ठ विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और युवा चिकित्सकों के बीच संवाद बढ़ाना है, ताकि अनुसंधान और व्यावहारिक चिकित्सा के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके। कार्यक्रम के माध्यम से पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को वैश्विक चिकित्सा मानकों और आधुनिक सर्जिकल पद्धतियों की जानकारी मिलेगी। साथ ही विभिन्न संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह सम्मेलन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
