सोमवार, 7 सितंबर 202610:54:47 AM
Download App
Home/विदेश

भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज : टीम इंडिया के इन दिग्गजों की होगी अग्नि परीक्षा, प्रदर्शन से तय होगी आगे की राह

admin

admin

Sep 07, 2026
06:22 AM
टीम इंडिया के इन दिग्गजों की होगी अग्नि परीक्षा, प्रदर्शन से तय होगी आगे की राह

नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होने जा रहा है। सीरीज के शुरू होने में अब एक सप्ताह से भी कम समय बचा है। सीरीज में जहां कई अनुभवी खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी, वहीं कुछ युवा क्रिकेटरों के लिए यह खुद को साबित करने का बड़ा मौका भी होगा। आइए जानते हैं उन पांच भारतीय खिलाड़ियों के बारे में, जिनके प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी।

1. वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबसे ज्यादा निगाहें

महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहे वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में मौका मिलने के बाद अब अफगानिस्तान के खिलाफ भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ आखिरी टी20 मुकाबले में वैभव ने 81 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। दलीप ट्रॉफी में भी उनका बल्ला अच्छी लय में नजर आया है। अफगानिस्तान के स्पिन आक्रमण के सामने उनकी बल्लेबाजी देखने लायक होगी।

2. वापसी पर कमाल करना चाहेंगे जसप्रीत बुमराह

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ब्रेक के बाद टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला मार्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। ऐसे में उनकी फिटनेस, लय और गेंदबाजी पर सभी की नजरें होंगी। बुमराह अपनी पुरानी लय में लौटते हैं तो अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।

3. संजू सैमसन के लिए खुद को साबित करने का मौका

संजू सैमसन के लिए यह सीरीज बेहद अहम रहने वाली है। आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों में वह सिर्फ 5 रन बना सके थे, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ दो मुकाबलों में उनके बल्ले से 28 रन निकले। ऐसे में संजू पर वापसी के बाद खुद को साबित करने का दबाव होगा। उनके पास बड़ी पारी खेलकर टीम में अपनी दावेदारी मजबूत करने का सुनहरा मौका है।

4. रवि बिश्नोई की स्पिन पर होगी नजर

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में रवि बिश्नोई ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने विकेट लेने के साथ अपनी किफायती गेंदबाजी से भी प्रभावित किया। अब घरेलू परिस्थितियों में अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी भूमिका अहम हो सकती है। बिश्नोई बेहतरीन प्रदर्शन कर टी20 टीम में अपनी जगह पक्की करना चाहेंगे।

5. नीतीश कुमार रेड्डी के पास बड़ा मौका

हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में नीतीश कुमार रेड्डी के पास बतौर ऑलराउंडर खुद को साबित करने का शानदार अवसर है। इंजरी से वापसी के बाद यह सीरीज उनके लिए खास होगी। बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव छोड़कर नीतीश टीम मैनेजमेंट का भरोसा जीतना चाहेंगे।

इन पांच खिलाड़ियों का प्रदर्शन बदल सकता है सीरीज का रुख

भारत-अफगानिस्तान सीरीज में जहां टीम की नजर जीत पर होगी, वहीं इन पांच खिलाड़ियों के प्रदर्शन से भारतीय टीम के भविष्य की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो सकती है। युवा वैभव से लेकर अनुभवी बुमराह तक, सभी के पास इस सीरीज में अपनी छाप छोड़ने का मौका होगा।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें