G20 बैठक में भारत की ट्रेड डिप्लोमेसी तेज : कनाडा-UK-ऑस्ट्रेलिया के साथ व्यापार समझौतों पर पीयूष गोयल की अहम बैठकें

मिल्वौकी। भारत के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई गति देने के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने G20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के दौरान कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के अपने समकक्षों के साथ अहम बातचीत की। बैठकों में द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, व्यापार समझौतों को आगे बढ़ाने और भारतीय कंपनियों के लिए विदेशी बाजारों में नए अवसर पैदा करने पर चर्चा हुई।
कनाडा के साथ CEPA वार्ता में तेजी पर जोर
पीयूष गोयल ने कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू से मुलाकात कर भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को लेकर चल रही बातचीत की समीक्षा की। गोयल के मुताबिक, दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने इस साल मार्च में इस समझौते की प्रक्रिया शुरू की थी।
इसका प्रमुख लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। बैठक में दोनों पक्षों ने बातचीत को तेज करने और समझौते को जल्द पूरा करने के संकल्प को दोहराया। यह चर्चा मुंबई में हुई पिछली बैठक के बाद आगे की प्रक्रिया को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण रही।
UK के साथ लागू CETA की भी हुई समीक्षा
गोयल ने ब्रिटेन के बिजनेस, इनोवेशन, साइंस एंड ट्रेड सेक्रेटरी ऑफ स्टेट जोनाथन रेनॉल्ड्स के साथ भी बैठक की। इस दौरान 15 जुलाई 2026 से लागू भारत-यूके CETA के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
दोनों नेताओं ने समझौते की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करने और भारत-ब्रिटेन के बीच व्यापार को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। बातचीत में ट्रेड एग्रीमेंट को प्रभावी ढंग से लागू करने और इससे दोनों देशों के कारोबार को मिलने वाले अवसरों का विस्तार करने पर विशेष ध्यान रहा।
ऑस्ट्रेलिया के साथ कई अहम सेक्टरों पर चर्चा
केंद्रीय मंत्री ने ऑस्ट्रेलिया के व्यापार एवं पर्यटन मंत्री सीनेटर डॉन फैरेल से भी मुलाकात की। बैठक में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (CECA) पर बातचीत को गति देने के उपायों पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने फार्मास्यूटिकल्स, सर्विसेज, निवेश, एग्री-टेक और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार किया। गोयल और फैरेल ने भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते (ECTA) के तहत हुई प्रगति की भी समीक्षा की।
भारतीय कंपनियों के लिए ड्यूटी-फ्री अवसर पर फोकस
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि भारतीय कंपनियां ऑस्ट्रेलियाई बाजार में उपलब्ध ड्यूटी-फ्री सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। इसके लिए व्यापार समझौते के प्रावधानों के प्रभावी इस्तेमाल और दोनों देशों के कारोबारियों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। G20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई इन मुलाकातों से भारत की कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के साथ व्यापारिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और मौजूदा समझौतों को प्रभावी बनाने पर सरकार के फोकस को रेखांकित किया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
