शुक्रवार, 2 अक्टूबर 202611:50:52 PM
Download App
Home/देश

क्या शाह के दौरे से मप्र के खत्म हो जाएगा भ्रष्टाचार : सिंघार का भाजपा पर सीधा वार, भागीरथपुरा मामला और एसआईआर को लेकर घेरा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 02, 2026
10:44 AM
सिंघार का भाजपा पर सीधा वार, भागीरथपुरा मामला और एसआईआर को लेकर घेरा

इंदौर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर भोपाल पहुंच रहे हैं। उनके दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी शुरु हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अमित शाह के बार-बार भोपाल आने से क्या प्रदेश में भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा और क्या वे मध्यप्रदेश के वास्तविक मुद्दों की समीक्षा करेंगे।

उमंग सिंघार ने अमित शाह के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि वे कितनी भी बार भोपाल आ जाएं, लेकिन अब उनका समय जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनसमस्याओं जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा या नहीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा मध्यप्रदेश को अपना गढ़ बताती है, लेकिन अब जनता के बीच सरकार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सिंघार ने इसे लेकर भाजपा पर राजनीतिक कटाक्ष भी किया।

सिंघार ने भागीरथपुरा मामले में सरकार को घेरा

सिंघार ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों की न्यायिक जांच रिपोर्ट को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। जांच आयोग की रिपोर्ट में जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था में लंबे समय से चली आ रही व्यवस्थागत कमियों तथा प्रशासनिक स्तर पर देरी का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार 36 मौतों में से 22 को दूषित पानी से संबंधित पाया गया।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से दूषित पानी की शिकायत कर रहे थे, लेकिन समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन विभाग और नगर निगम की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

एसआईआर को लेकर सरकार को घेरा

उमंग सिंघार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस के अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि यदि मतदाताओं के अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठ रहे हैं तो कांग्रेस उन्हें जनता के सामने रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

सिंघार ने कहा कि कांग्रेस आम लोगों के मताधिकार से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी और इस विषय को बार-बार जनता के बीच ले जाएगी। भागीरथपुरा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद अब इस मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। रिपोर्ट में जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर अलग निष्कर्ष हैं, जबकि प्रशासनिक और व्यवस्थागत खामियों पर गंभीर टिप्पणियां की गई हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें