बेंगलुरु जेल में चल रहा था कट्टरपंथ और ट्रेनिंग का खेल : एनआईए कोर्ट ने मास्टरमाइंड समेत सभी दोषियों को 7 साल की सजा सुनाई

नई दिल्ली। देश की सुरक्षा के खिलाफ रची जा रही एक खतरनाक साजिश का बड़ा खुलासा करते हुए एनआईए की विशेष अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया है। 2023 के बेंगलुरु जेल कट्टरपंथीकरण मामले में मास्टरमाइंड टी. नसीर समेत सात आरोपियों को दोषी करार देते हुए 7 साल की सख्त कैद और 48 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई है। यह मामला दिखाता है कि किस तरह जेल के अंदर ही आतंक की जड़ें मजबूत करने की कोशिश की जा रही थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, दोषी आतंकी प्रतिबंधित संगठन से जुड़े हुए थे और बेंगलुरु की पराप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल को अपने नेटवर्क का अड्डा बना चुके थे। यहां बंद युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें कट्टरपंथी बनाने, भर्ती करने और आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने का काम चल रहा था। यह पूरी साजिश बेहद संगठित और सुनियोजित तरीके से अंजाम दी जा रही थी।
बेंगलुरु शहर में बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे आतंकी
एनआईए की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बेंगलुरु शहर में बड़े आतंकी हमले की तैयारी कर रहे थे। उनका मकसद शहर में सीरियल ब्लास्ट जैसी घटनाओं को अंजाम देना था, जिससे दहशत फैल सके। इस साजिश का खुलासा जुलाई 2023 में हुआ, जब सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने कुछ आरोपियों के पास से हथियार, गोला-बारूद और डिजिटल उपकरण बरामद किए थे। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एनआईए को सौंप दी गई।
नसीर ने पेशी के दौरान फरार होने की बनाई थी योजना
जांच के दौरान एक और चैंकाने वाली जानकारी सामने आई टी. नसीर को कोर्ट पेशी के दौरान फरार कराने की योजना भी बनाई गई थी। नसीर पहले से ही 2008 के बेंगलुरु सीरियल ब्लास्ट मामले में आरोपी रह चुका है, जिससे उसकी भूमिका और भी गंभीर हो जाती है।
केस में 11 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की गई चार्टशीट
इस केस में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। खास बात यह है कि एक आरोपी को विदेश से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया, जो इस नेटवर्क की अंतरराष्ट्रीय पहुंच को भी दर्शाता है। एनआईए कोर्ट का यह फैसला साफ संदेश देता है कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
