शनिवार, 30 मई 202606:02:42 PM
Download App
Home/विदेश

आंसुओं में डूबा सपना : फाइनल से चूकी राजस्थान, लेकिन 15 साल के बेबी बाॅस ने जीत लिया करोड़ों दिल

admin

admin

May 30, 2026
06:02 AM
फाइनल से चूकी राजस्थान, लेकिन 15 साल के बेबी बाॅस ने जीत लिया करोड़ों दिल

मुल्लांपुर। राजस्थान रॉयल्स का आईपीएल 2026 का सफर थम गया। शुक्रवार की रात गुजरात टाइटन्स ने क्वालिफायर-2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। इस हार के साथ आरआर का आईपीएल 2026 का खिताब जीतने का सपना टूट गया। वहीं गुजरात खिताब के लिए 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी। खास बात यह रही राजस्थान राॅयल्स मैच भले ही हार गई लेकिन बेबी बाॅस वैभव सूर्यवंशी ने करोड़ों फैंस का दिल जरूर जीत लिया।

मैच खत्म होते ही राजस्थान के खिलाड़ियों के चेहरों पर मायूसी साफ दिखाई दे रही थी, लेकिन सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाला दृश्य टीम के डगआउट से सामने आया। 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अकेले बैठे नजर आए। उनकी आंखों में निराशा और दर्द साफ झलक रहा था। एक सपोर्ट स्टाफ सदस्य उन्हें सांत्वना देता दिखा, लेकिन उस पल की तस्वीर ने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल छू लिया।

आंसुओं के पीछे छिपी थी एक अधूरी कहानी

वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में शतक से महज चार रन दूर रह गए, लेकिन उन्होंने जिस निडर अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने सभी को प्रभावित किया। बड़े मैच का दबाव उनके खेल पर बिल्कुल भी दिखाई नहीं दिया। उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों पर खुलकर हमला बोला और आखिरी दम तक टीम को फाइनल की दौड़ में बनाए रखने की कोशिश की।

जब उनकी पारी खत्म हुई और बाद में टीम हार गई, तो शायद यही बात उनके आंसुओं की वजह बनी। वह जानते थे कि उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, लेकिन टीम को मंजिल तक नहीं पहुंचा सके।

पूरा सीजन रहा वैभव के नाम

भले ही राजस्थान रॉयल्स का अभियान फाइनल से पहले समाप्त हो गया हो, लेकिन आईपीएल 2026 को लंबे समय तक वैभव सूर्यवंशी के सीजन के रूप में याद किया जाएगा। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया के दिग्गज टी20 खिलाड़ियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।

वैभव ने पूरे सीजन में 48.76 की औसत से 776 रन बनाए। उनकी 237.30 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट ने क्रिकेट विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया। वह सिर्फ रन नहीं बना रहे थे, बल्कि हर मैच में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी कर रहे थे।

रिकॉर्डों की बरसात, दुनिया ने देखा नया सितारा

इस सीजन की सबसे बड़ी उपलब्धि वैभव के 72 छक्के रहे। उन्होंने आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस दौरान उन्होंने एक शतक भी जड़ा और तीन बार नर्वस नाइंटीज का शिकार बने।

राजस्थान भले ही ट्रॉफी नहीं जीत सकी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य बेहद सुरक्षित हाथों में है। डगआउट में बहते उनके आंसू हार की कहानी जरूर कह रहे थे, लेकिन उसी के साथ एक ऐसे सुपरस्टार के जन्म की गवाही भी दे रहे थे, जो आने वाले वर्षों में क्रिकेट की दुनिया पर राज कर सकता है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें