गुरुवार, 23 जुलाई 202610:04:01 PM
Download App
Home/विदेश

टी20 सीरीजः : जीत के इरादे से हरारे में उतरेगी टीम इंडिया, जिम्बाब्वे में श्रेयस की कप्तानी और वैभव के बल्ले की होगी अग्गिपरीक्षा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 23, 2026
06:45 AM
जीत के इरादे से हरारे में उतरेगी टीम इंडिया, जिम्बाब्वे में श्रेयस की कप्तानी और वैभव के बल्ले की होगी अग्गिपरीक्षा

हरारे। इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम अब जिम्बाब्वे के खिलाफ नई शुरुआत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। तीन मैचों की टी20 सीरीज भारत के लिए सिर्फ जीत हासिल करने का मौका नहीं, बल्कि आत्मविश्वास लौटाने की भी चुनौती होगी। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम पिछले खराब प्रदर्शन को पीछे छोड़कर विजयी लय हासिल करना चाहेगी। वहीं अगर युवा स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिली तो उनके बल्ले की भी अग्निपरीक्षा होगी।

श्रेयस अय्यर पर कप्तानी का दबाव

श्रेयस अय्यर के लिए यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। अब तक उनकी कप्तानी में भारतीय टीम टी20 क्रिकेट में जीत का स्वाद नहीं चख सकी है। ऐसे में जिम्बाब्वे दौरा उनके नेतृत्व और रणनीति की बड़ी परीक्षा साबित होगा। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि युवा खिलाड़ियों के साथ अय्यर इस बार बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

मजबूत नजर आ रहा है जिम्बाब्वे

मेजबान जिम्बाब्वे हाल के महीनों में शानदार फॉर्म में रहा है। टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 तक पहुंचने के बाद टीम ने बांग्लादेश को टेस्ट और वनडे सीरीज में भी मात दी। हालांकि टी20 सीरीज में उसे सफलता नहीं मिली, लेकिन घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर वह भारत को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है। सिकंदर रजा की कप्तानी वाली टीम पहले भी भारत को टी20 में हराने का कारनामा कर चुकी है।

युवा खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

भारतीय टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें होंगी। इंग्लैंड दौरे पर वे उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे, लेकिन हरारे की परिस्थितियां उनके लिए नई शुरुआत का अवसर बन सकती हैं। वहीं तेज गेंदबाज मयंक यादव, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा और यश ठाकुर को भी अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। चयनकर्ता भविष्य की तेज गेंदबाजी इकाई तैयार करने के उद्देश्य से इन खिलाड़ियों पर खास नजर रखेंगे।

वैभव के पास जगह पक्की करने का मौका

शीर्ष क्रम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की करने का शानदार अवसर रहेगा। इस साल की शुरुआत में अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेलने वाले सूर्यवंशी को इस सीरीज के तीनों मैचों में मौका मिलने की पूरी संभावना है। इंग्लैंड के खिलाफ अपनी शुरुआती पारियों में वे जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट गेंदों के सामने थोड़ा परेशान दिखे थे, जिसे जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा भुनाने की कोशिश करेंगे।

तिलक वर्मा से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

उपकप्तान तिलक वर्मा से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम टी20 में अर्धशतक लगाया था, लेकिन स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनका प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा है। जिम्बाब्वे के खिलाफ वे इस कमजोरी को दूर करने की कोशिश करेंगे।

पिच और मौसम का हाल

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में गेंद को अच्छी उछाल और मूवमेंट मिलने की संभावना है, जबकि बाद में बल्लेबाज भी खुलकर रन बना सकते हैं। मौसम साफ रहने का अनुमान है, जिससे पूरे मैच के बिना किसी रुकावट के होने की उम्मीद है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, मायंक यादव, यश ठाकुर/अशोक शर्मा।

जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मरुमानी (विकेटकीपर), डियोन मायर्स/वेस्ली मधेवेरे, सिकंदर रजा (कप्तान), रियान बर्ल, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, मिल्टन शुंबा, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगरावा, ब्लेसिंग मुजरबानी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें