सोमवार, 18 मई 202605:40:33 AM
Download App
Home/विदेश

बड़ा हादसा टला : अमेरिका में आसमान में टकराए दो लड़ाकू विमान, करतब दिखाते वक्त भिड़े फाइटर जेट

admin

admin

May 18, 2026
02:10 AM
अमेरिका में आसमान में टकराए दो लड़ाकू विमान, करतब दिखाते वक्त भिड़े फाइटर जेट

नई दिल्ली। अमेरिका के'माउंटेन होम एयरफोर्स बेस' में आयोजित एयर शो के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो अमेरिकी EA-18G ग्राउलर लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए। हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमानों के टुकड़े आसमान में बिखर गए और कुछ ही देर में इलाके में काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना के तुरंत बाद एयरबेस को लॉकडाउन कर दिया गया और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए दोनों विमान अमेरिकी नौसेना के EA-18G ग्राउलर जेट थे, जिन्हें इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर मिशनों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। ये विमान F/A-18 हॉर्नेट का उन्नत संस्करण माने जाते हैं। एयर शो के दौरान दोनों जेट करतब दिखा रहे थे, तभी अचानक वे हवा में एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों विमान एयरबेस से करीब दो मील दूर जाकर गिरे।

चारों पायलट सुरक्षित, टला बड़ा नुकसान

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हादसे का भयावह मंजर साफ देखा जा सकता है। हालांकि इस बीच राहत की खबर भी सामने आई। टक्कर के कुछ सेकेंड बाद आसमान में चार पैराशूट खुलते दिखाई दिए। एयर शो के उद्घोषक ने दर्शकों को बताया कि दोनों विमानों में मौजूद चारों क्रू मेंबर्स समय रहते इजेक्ट करने में सफल रहे और सभी सुरक्षित हैं। इस खबर के बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

जांच शुरू, बाकी कार्यक्रम रद्द

एयरबेस प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां और तकनीकी टीमें मलबे की जांच में जुटी हैं। घटना के बाद रविवार को होने वाले एयर शो के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। गौरतलब है कि ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ पूरे आठ साल बाद आयोजित किया गया था और इसकी तैयारी पिछले दो वर्षों से चल रही थी। लेकिन इस हादसे ने उत्सव के माहौल को चिंता और दहशत में बदल दिया।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें