सासाराम ट्रेन आग हादसा : पैसेंजर ट्रेन की D3 बोगी में लगी आग, यात्रियों में मची भगदड़, सभी सुरक्षित

बिहार के रोहतास जिले के सासाराम स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सासाराम-आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन की D3 बोगी में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी और कुछ ही देर में रवाना होने वाली थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले बोगी से जलने की बदबू आने लगी। इसके बाद धीरे-धीरे धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की तेज लपटें निकलने लगीं। आग लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए जल्दी-जल्दी ट्रेन से उतरने लगे। कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की तरफ भागे।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी, आरपीएफ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जिस बोगी में आग लगी थी, उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर प्लेटफॉर्म नंबर 6 को खाली करा दिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। फिलहाल रेलवे पूरे मामले की जांच कर रहा है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। एक दिन पहले ही रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना सामने आई थी और अब सासाराम में पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई। ऐसे में रेलवे को यात्रियों की सुरक्षा पर और ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
