सोमवार, 18 मई 202608:36:51 AM
Download App
Home/देश

छिंदवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा : जुन्नारदेव में दो बाइकों की भिड़ंत, तीन युवकों की मौत, भीषण थी टक्कर

admin

admin

May 18, 2026
05:55 AM
जुन्नारदेव में दो बाइकों की भिड़ंत, तीन युवकों की मौत, भीषण थी टक्कर

जुन्नारदेव। छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक बेहद दुखद सड़क हादसा हुआ है। यहां के ग्राम हनोतिया के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण दोनों बाइकों की अत्यधिक तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा हनोतिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कुछ दूरी पर हुआ। दोनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी।

घायल को पहुंचाया गया अस्पताल

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट अशोक मालवी और डायल 112 टीम के पायलट शिव अमरावती तथा प्रधान आरक्षक दिलीप उपाध्याय मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को जुन्नारदेव अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. प्राची साहू ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण एक और युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मृतकों की पहचान 20 वर्षीय चंद्रभान यादव, 15 वर्षीय चमन यादव और 20 वर्षीय सोनू उईके के रूप में हुई है। हादसे में घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें