CG: सादगी की मिसाल बने मंत्री टंक राम वर्मा : पीएम मोदी की अपील से प्रेरित होकर वीआईपी संस्कृति पर लगाया सादगी का ब्रेक

राजयपुर। छत्तीसगढ़ सरकार में उच्च शिक्षा और राजस्व आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने सादगी की नई मिसाल पेश की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण से प्रेरित होकर उन्होंने सरकारी दौरों के दौरान उपयोग होने वाले ‘पायलट’ और ‘फॉलो’ वाहनों के प्रयोग को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश दिया है। अब वे अपने पूरे स्टाफ के साथ अत्यंत सीमित और न्यूनतम वाहनों के काफिले में ही आवागमन करेंगे।
उनकी यह पहल अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन सकती है, जो प्रशासन में सादगी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि देश इस समय चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। ऐसे में देशहित से जुड़ी किसी भी पहल की शुरुआत हम जनप्रतिनिधियों को स्वयं से करनी चाहिए और समाज के सामने एक उदाहरण पेश करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इस कदम से न केवल सरकारी और प्रशासनिक खर्चों में भारी कमी आएगी, बल्कि आम नागरिकों के बीच भी ईंधन संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति एक सकारात्मक जागरूकता पैदा होगी।
जनता और प्रबुद्धजनों ने की सराहना
मंत्री वर्मा के इस फैसले की विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि राजनेताओं द्वारा फिजूलखर्ची रोकने और संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने की यह पहल वाकई प्रेरणादायी है, जो जमीन से जुड़े नेता की पहचान को और मजबूत करती है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
