सोमवार, 18 मई 202608:38:24 AM
Download App
Home/देश

प्रताड़ना की इंतहाः : “मुझे यहां से ले जाओ मम्मी”, ट्विशा की आखिरी चैट ने खोले मौत के राज

admin

admin

May 18, 2026
06:04 AM
“मुझे यहां से ले जाओ मम्मी”, ट्विशा की आखिरी चैट ने खोले मौत के राज

भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में अब एक बेहद दर्दनाक और चैंकाने वाला खुलासा हुआ है। ट्विशा की मौत से पहले की व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम चैट्स सामने आई हैं, जिनमें उन्होंने अपनी मां, भाई और सहेली से लगातार अपनी तकलीफें साझा की थीं। इन चैट्स ने उनके वैवाहिक जीवन की भयावह सच्चाई उजागर कर दी है।

परिजनों के मुताबिक ट्विशा पिछले कई दिनों से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थीं। उन्होंने कई बार अपने घरवालों से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन हालात लगातार बदतर होते गए।

“मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी”

30 अप्रैल को ट्विशा ने अपनी मां को एक भावुक संदेश भेजा था, जिसमें उन्होंने लिखा था, “मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी।” इस संदेश में उन्होंने ससुराल पक्ष के व्यवहार को बेहद अपमानजनक बताया था।

इसके बाद 7 मई को भेजे गए एक और मैसेज ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। ट्विशा ने लिखा, “मुझे यहां से ले जाओ, ये जीने नहीं देंगे।” यह संदेश अब जांच एजेंसियों के लिए अहम सबूत माना जा रहा है।

पति पर चरित्र हनन के आरोप

सामने आई चैट्स में ट्विशा ने अपने पति समर्थ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा था कि समर्थ उनके चरित्र पर सवाल उठा रहा था और पुराने मामलों को लेकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

एक चैट में ट्विशा ने अपनी मां से कहा, “समर्थ पूछ रहा है कि किसका बच्चा था जो एबॉर्ट किया है? मम्मी मुझसे अब नहीं हो पा रहा है।” ट्विशा ने यह भी लिखा कि सास भी उनके आरोपों पर विश्वास नहीं कर रही थीं। इससे वह पूरी तरह अकेली और टूट चुकी थीं।

मायके से पैसे लाने का दबाव

जांच में यह भी सामने आया है कि ट्विशा पर मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाया जा रहा था। वह कई बार अपने पिता से आर्थिक मदद मांग चुकी थीं। अपनी एक सहेली से बातचीत में उन्होंने कहा था कि “शादी करके फंस गई हूं।” चैट्स में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पति उनके पिता को अपमानित करना चाहता था। ट्विशा ने लिखा था, “समर्थ पापा से नाक रगड़वाकर माफी मंगवाना चाहता है... मेरा दम घुट रहा है यहां।”

चैट्स बनीं पुलिस जांच का बड़ा आधार

इन दर्दनाक संदेशों के सामने आने के बाद पुलिस जांच का दायरा और बढ़ गया है। जांच अधिकारियों का मानना है कि ये चैट्स मामले में महत्वपूर्ण और मजबूत साक्ष्य साबित हो सकती हैं। वहीं, ट्विशा की मौत ने एक बार फिर घरेलू प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को समाज के सामने ला खड़ा किया है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें