भीषण सड़क हादसा : ट्रक ने मैजिक वाहन को मारी जोरदार टक्कर, हाईवे पर मची अफरा-तफरी, 10 की मौत

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन की भीषण टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास हुआ। सुबह करीब 7 बजकर 30 मिनट पर लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रही मैजिक गाड़ी को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई लोग सीटों के बीच फंस गए, जबकि दो लोग सड़क पर जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। लेकिन इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक काफी तेज रफ्तार में था और अचानक बेकाबू होकर मैजिक से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
