बुधवार, 21 अक्टूबर 202610:26:36 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान : 20 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती; 400 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों को मंजूरी

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

Oct 21, 2026
12:36 PM
20 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती; 400 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों को मंजूरी

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और सरकारी भर्ती को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 954 पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही, जनजातीय कार्य विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत 200-200 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों के निर्माण को मंजूरी देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक संबल देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कठिन परिस्थितियों में अनुकंपा नियुक्ति परिवारों को सहारा देने के साथ उनके जीवन को नई दिशा देने का माध्यम है।

954 अभ्यर्थियों को मिले अनुकंपा नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी शासकीय कर्मचारी का असमय निधन पूरे परिवार के लिए बेहद दुखद होता है। ऐसे समय में परिवार को भावनात्मक आघात के साथ आर्थिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ता है। राज्य सरकार ऐसे परिवारों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में अनुकंपा नियुक्ति पाने वालों में सहायक ग्रेड-3, प्राथमिक शिक्षक और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग का प्रत्येक कर्मचारी बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

400 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों को मंजूरी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 400 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों के निर्माण की घोषणा की। इनमें 200 भवन जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत जनजातीय बहुल क्षेत्रों में और 200 भवन स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत बनाए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय प्रदेश की सरकारी शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव ला रहे हैं। इन विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाओं, खेल गतिविधियों और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2002-03 तक स्कूल शिक्षा का बजट 400 करोड़ रुपये से कम था, जो अब बढ़कर लगभग 38 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

20 हजार पदों पर शुरू होगी नई भर्ती

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार से अधिक सरकारी पदों पर युवाओं को नियुक्तियां दे चुकी है। इनमें 15 हजार पद स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित थे। अब प्रदेश में 20 हजार पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है।उन्होंने बताया कि पदोन्नति के कारण विभिन्न विभागों में रिक्त हुए पदों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है। कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए हर साल विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके अलावा, अनुकंपा नियुक्ति के शेष 350 पदों पर साल के अंत तक नियुक्तियां देने का लक्ष्य रखा गया है।

विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी की सौगात

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए लैपटॉप वितरित किए गए हैं। प्रदेश में अब तक 1 लाख 35 हजार से अधिक लैपटॉप विद्यार्थियों को दिए जा चुके हैं। वहीं, बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी भी प्रदान की गई है।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की प्रगति में बाधा न बनें।

सर्दियों में बनाएं कच्चे सफेद कद्दू का हलवा, जानें आसान विधि

घर में लगा है मनी प्लांट, तो इन 5 बातों का रखें खास ध्यान

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें