रविवार, 7 जून 202606:45:55 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

60 फीट का वादा, 80 फीट की तोड़फोड़ का आरोप : इंदौर में सड़क चौड़ीकरण पर कांग्रेस का विरोध, जन अधिकार यात्रा निकालकर खोला मोर्चा

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 07, 2026
11:08 AM
इंदौर में सड़क चौड़ीकरण पर कांग्रेस का विरोध, जन अधिकार यात्रा निकालकर खोला मोर्चा

इंदौर से अभिषेक ठाकुर

इंदौर: मध्यप्रदेश इंदौर छावनी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार और नगर निगम के खिलाफ जन अधिकार यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने तय सीमा से अधिक क्षेत्र में तोड़फोड़ कर व्यापारियों और रहवासियों को नुकसान पहुंचाया है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि प्रभावित नागरिकों को पहले 60 फीट सड़क निर्माण का भरोसा दिया गया था, लेकिन कार्रवाई के दौरान करीब 80 फीट तक तोड़फोड़ की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने लोगों की भावनाओं और हितों की अनदेखी करते हुए कार्रवाई की है।

कांग्रेस ने मांग की है कि जिन परिवारों और व्यापारियों की संपत्तियां प्रभावित हुई हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही भविष्य में 60 फीट सड़क के आधार पर ही भवन नक्शों को मंजूरी दी जाए, ताकि लोगों को दोबारा परेशानी का सामना न करना पड़े।

जन अधिकार यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, पिंटू जोशी, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्चना जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। नेताओं ने प्रभावित परिवारों के साथ न्याय की लड़ाई जारी रखने का भरोसा दिलाया।

नगर निगम की कार्रवाई पर कांग्रेस के सवाल

इस दौरान कांग्रेस के एडवोकेट विकास चौधरी ने भी सरकार और नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है और क्षेत्र की वर्षों पुरानी धरोहरों को समाप्त करने का काम किया जा रहा है।

विकास चौधरी ने मांग की कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और सड़क चौड़ीकरण से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बरती जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें