बुधवार, 24 जून 202606:37:33 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें : ओंकारेश्वर झूला पुल बंद, जबलपुर एयरपोर्ट का बदलेगा नाम, हाई कोर्ट का बड़ा फैसला और प्रदेश में मानसून की एंट्री

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Jun 24, 2026
11:08 AM
ओंकारेश्वर झूला पुल बंद, जबलपुर एयरपोर्ट का बदलेगा नाम, हाई कोर्ट का बड़ा फैसला और प्रदेश में मानसून की एंट्री

ओंकारेश्वर झूला पुल एहतियातन बंद, आवागमन पर रोक

ओंकारेश्वर। ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर में स्थित ओंकारेश्वर-ममलेश्वर को जोड़ने वाले झूला पुल पर सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। पुल के लोडिंग तार की एक कड़ी क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पुल पर आवाजाही बंद कर दी है। एहतियात के तौर पर पुल के दोनों सिरों पर गेट बंद कर ताले लगा दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। तकनीकी जांच और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही पुल को दोबारा खोला जाएगा।

मुख्यमंत्री पर लगाए आरोपों को भाजपा ने बताया भ्रामक

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लेकर लगाए गए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश इकाई ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। पार्टी का दावा है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं तथा उनकी लोकप्रियता से विपक्ष परेशान है। भाजपा ने कहा कि जनता कांग्रेस की कथित राजनीतिक साजिशों को समझती है और उन्हें स्वीकार नहीं करेगी।

जबलपुर एयरपोर्ट का नाम होगा रानी दुर्गावती एयरपोर्ट

जबलपुर। वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब जबलपुर एयरपोर्ट को रानी दुर्गावती एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के शौर्य, सुशासन और जनहितकारी कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती ने न केवल मुगल सेना का साहसपूर्वक सामना किया, बल्कि जल प्रबंधन और प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।

सक्षम महिला को नहीं मिलेगा मेंटिनेंस, हाई कोर्ट ने याचिका खारिज की

जबलपुर। मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने अंतरिम भरण-पोषण से जुड़े एक मामले में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए भोपाल निवासी महिला की याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि जो व्यक्ति आर्थिक रूप से सक्षम है, उसे भरण-पोषण देने का औचित्य नहीं बनता। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि प्रस्तुत याचिका पति से अनुचित आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से दायर की गई प्रतीत होती है। इस फैसले को पारिवारिक मामलों में एक महत्वपूर्ण कानूनी दृष्टांत माना जा रहा है।

नौ दिन की देरी से मध्यप्रदेश पहुंचा मानसून, चार दिन में पूरे प्रदेश में फैलने के आसार

भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बुधवार को मध्यप्रदेश में प्रवेश कर लिया। इस बार मानसून निर्धारित समय से करीब नौ दिन की देरी से पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के भीतर मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है। इसके साथ ही देश के 22 राज्यों में मानसून सक्रिय हो चुका है। विभाग का अनुमान है कि 5 जुलाई तक मानसून देश के शेष हिस्सों में भी पहुंच जाएगा। प्रदेश के कई जिलों में आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें