मोहन लोकप्रिय नेता, कांग्रेस रच रही षड्यंत्र : सीएम पर लगे आरोपों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नाकारा, परिवार-रिश्तेदारों का भी किया बचाव

भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव पर जमीन घोटाले का आरोप लगाने के बाद भाजपा उनके बचाव में खुलकर सामने आ गई है। यही नहीं, कांग्रेस के आारोपों का जवाब देने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने के आरोपों को निराधार बताते कहा कि कांग्रेस भ्रम पैदा कर रही है। खंडेलवाल ने आरोपों को सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लोकप्रिय नेता हैं और प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में दिन-रात काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है, जबकि आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। भाजपा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार की संपत्ति में मुख्यमंत्री बनने के बाद किसी प्रकार का बदलाव नहीं हुआ है।
जमीन में कोई बदलाव नहीं हुआ : भाजपा
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2023 में नामांकन के दौरान जो जानकारी दी थी, उसमें दर्ज 17 एकड़ जमीन आज भी उतनी ही है और उसमें कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पत्नी सीमा यादव के नाम दर्ज 12.29 एकड़ भूमि में भी वर्ष 2026 तक कोई बदलाव नहीं आया है।
सिद्धिविनायक कंपनी को लेकर भी दी सफाई
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सिद्धिविनायक कंपनी का जिक्र करते हुए आरोप लगाए हैं, लेकिन तथ्य कुछ और ही हैं। उनके अनुसार, वर्ष 2023 में कंपनी के पास 68 एकड़ जमीन थी, जो अब घटकर 65 एकड़ रह गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉ. मोहन यादव वर्ष 2017 में ही कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे चुके थे और उनका इससे कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।
परिवार और रिश्तेदारों पर भी दिया जवाब
खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव यादव के पास वर्ष 2023 से पहले जो 16 एकड़ जमीन थी, उसमें भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। वहीं उनकी पुत्रवधू शालिनी यादव ने 10 एकड़ कृषि भूमि खरीदी है, लेकिन वह विकसित मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर स्थित है। उन्होंने यह भी कहा कि रिश्तेदारों का अपना स्वतंत्र अस्तित्व है और मुख्यमंत्री या उनके परिवार का उनके निजी मामलों से कोई संबंध नहीं है। यदि रिश्तेदारों पर लगाए गए आरोप गलत हैं, तो वे स्वयं अपना पक्ष रखेंगे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेंगे।
कांग्रेस पर लगाया राजनीतिक षड्यंत्र का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं, इसलिए उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों, उद्योग और विकास के क्षेत्र में सरकार लगातार काम कर रही है और कांग्रेस इन उपलब्धियों का मुकाबला नहीं कर पा रही है। इसी वजह से वह इस तरह के आरोपों का सहारा ले रही है। खंडेलवाल ने यह भी कहा कि पिछड़े वर्ग से आने वाले नेताओं के खिलाफ पहले भी इस तरह के प्रयास किए गए हैं और जनता ऐसे राजनीतिक षड्यंत्रों को स्वीकार नहीं करेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
