मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें : सहकारिता चुनावो की तैयारी, मुखर्जी जयंती पर कार्यक्रम, छिंदवाड़ा में मजदूरों की मौत और विजयवर्गीय के बयान से बवाल

सहकारिता चुनावों के लिए कांग्रेस ने बनाई विशेष रणनीति
मध्यप्रदेश में होने वाले सहकारिता चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और चुनावी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से पार्टी ने 7 सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया है। यह समिति चुनावी रणनीति तैयार करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेगी।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती वर्ष पर 23 जून से होंगे विशेष आयोजन
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार 23 जून से 6 जुलाई तक राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महापौरों और नगर पालिका अध्यक्षों से चर्चा कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहा और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 5 मजदूरों की मौत
छिंदवाड़ा जिले में सोमवार सुबह छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द गांव के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पांच मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में करीब 20 अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर सियासी चर्चा तेज
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में एक भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान ऐसा बयान दिया, जिसकी राजनीतिक गलियारों में व्यापक चर्चा हो रही है। उन्होंने मंच से कहा कि यदि कुछ लोग उन्हें ‘काफिर’ मानते हैं, तो फिर सरकार द्वारा बनाई गई सड़कों का उपयोग और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं लेना चाहिए। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है और विपक्ष भी इसे मुद्दा बना सकता है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
