मप्र में दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं : कटनी-सिवनी में भीषण अग्निकांड में 12 की गई जान, दो महीने के मासूम की भी मौत

कटनी-सिवनी। मध्य प्रदेश में दिवाली की रात दो भीषण अग्निकांड की घटनाएं घटीं हैं। अग्निकांडों ने छह-छह लोगों के परिवार उजाड़ दिए। कटनी के बरही में तीन मंजिला इमारत आग की चपेट में आई, जबकि सिवनी के छपारा में सराफा कारोबारी के घर में भीषण आग लगी। इन दोनों हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई है। दोनों हादसों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की मौत हो गई है। इन दोनों हादसों ने दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई।
कटनी में बरही कस्बे में आधी रात को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां इमारत के भूतल पर क्रॉकरी की दुकान संचालित थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर अग्रवाल परिवार के सदस्य सो रहे थे। दुकान से उठी आग देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। घने धुएं और लपटों के कारण परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए।
कटनी में इनकी गई जान
हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम (35), आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो महीने के मासूम की मौत हो गई। परिवार के दो सदस्य किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।
रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह करीब 4ः30 बजे पूरन अग्रवाल का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद सुबह 6%30 बजे तक अन्य पांच शव बरामद किए गए। बचावकर्मियों को जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर शव बाहर निकालने पड़े।
छपारा में सराफा कारोबारी के घर आग, छह लोगों की गई जान
वहीं दूसरा दर्दनाक हादसा सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में हुआ। सोमवार तड़के करीब 3 बजे सराफा कारोबारी कुंदन सोनी के घर में आग लग गई। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। आग और धुएं ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया। इस हादसे में कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), रितु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) की मौत हो गई।
घटना के समय घर में कुल 10 लोग मौजूद थे। इनमें से चार सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। एसडीओपी अपूर्वा भलावी ने बताया कि आग लगने के समय सभी सो रहे थे, जिससे बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
