इंदौर को मिली हाईटेक कामधेनु गौशाला की सौगात : सीएम मोहन ने भोपाल-जबलपुर के लिए किया बड़ा ऐलान, गौशालाओं की सहायता राशि हुई डबल

इंदौर । मध्यप्रदेश में गौवंश संरक्षण और संवर्धन को लेकर सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं को और स्पष्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले के महू स्थित ग्राम आशापुरा में जनसहयोग से विकसित अत्याधुनिक कामधेनु गौशाला का लोकार्पण करते हुए इसके लिए 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की। करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस गौशाला को प्रदेश में सामूहिक सहयोग और गौसेवा का बड़ा उदाहरण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता के बिना हमारी संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था अधूरी है। सरकार गौवंश के संरक्षण के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने देगी।
गौशाला के लिए जनसहयोग से जुटे करोड़ों रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि कामधेनु गौशाला के निर्माण में समाजसेवी विनोद अग्रवाल ने सीएसआर मद से 6 करोड़ रुपये और नितिन अग्रवाल ने 2.5 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। अन्य जनसहयोग और सरकारी मदों से भी निर्माण कार्य पूरा किया गया। मुख्यमंत्री ने गौशाला का अवलोकन किया और गोवर्धन पूजा कर गोपाल कृष्ण ग्राम प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि घोषित 5 करोड़ रुपये से सीएनजी गैस संयंत्र सहित जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
गौशालाओं को मिलने वाली सहायता हुई दोगुनी
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की लगभग 3,200 गौशालाओं में 5 लाख 61 हजार से अधिक गौवंश के लिए सरकार सहायता उपलब्ध करा रही है। पहले प्रति गौवंश 20 रुपये प्रतिदिन दिए जाते थे, जिन्हें बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है। सरकार का लक्ष्य गौशालाओं के साथ गांवों और मोहल्लों में भी गौपालन को प्रोत्साहित करना है। गोपाल कृष्ण ग्राम योजना के माध्यम से वृंदावन ग्राम विकसित किए जा रहे हैं और देशी गौवंश के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
भोपाल-जबलपुर में भी बनेगी 10 हजार क्षमता की गौशाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े शहरों में निराश्रित गौवंश के बेहतर प्रबंधन के लिए व्यापक योजनाएं बनाई जा रही हैं। ग्वालियर के लाल टिपारा में 10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशाला संचालित है, जबकि इंदौर में भी इतनी ही क्षमता की व्यवस्था विकसित की जा रही है। अगले चरण में भोपाल और जबलपुर में भी 10-10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशालाएं बनाई जाएंगी। इनमें आवास, चिकित्सा और खान-पान की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण का आधार है गौमाता
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रकृति, जल संरक्षण और सामूहिकता का संदेश देती है। गौमाता प्राकृतिक खेती की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से जमीन की उर्वरता प्रभावित हुई है, इसलिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे कोई भी गौमाता लावारिस हालत में सड़कों पर न रहे। संत समाज के मार्गदर्शन में गौसेवा को अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनाया जाएगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
