समुद्री सुरक्षा के लिए भारत-ओमान की बड़ी तैयारी : मस्क पहुंचा आईएनएस सूरत, 15वें नौसैनिक अभ्यास में दिखेगा युद्धक दमखम

नई दिल्ली। भारत और ओमान के बीच समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग को नई मजबूती मिलने जा रही है। भारतीय नौसेना का अत्याधुनिक युद्धपोत आईएनएस सूरत ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच गया है। यहां दोनों देशों की नौसेनाएं 15वें द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’ में हिस्सा लेंगी। इस सैन्य अभ्यास का उद्देश्य समुद्री अभियानों में आपसी तालमेल बढ़ाना, परिचालन अनुभव साझा करना और संयुक्त रूप से चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करना है। अभ्यास के समापन के बाद भारतीय नौसेना और ओमान की रॉयल नेवी संयुक्त समन्वित समुद्री गश्त भी करेंगी।
बंदरगाह से लेकर खुले समुद्र तक दिखेगा सैन्य कौशल
नौसेना के अनुसार, इस अभ्यास में बंदरगाह और समुद्र दोनों चरणों में विभिन्न सैन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दोनों देशों के नौसैनिक एक-दूसरे के युद्धपोतों का दौरा करेंगे। इसके साथ ही परिचालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा, अनुभवों का आदान-प्रदान और खेल गतिविधियां भी होंगी। समुद्री अभियानों में बेहतर समन्वय स्थापित करना इस अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य है।
इससे दोनों देशों के नौसैनिक अधिकारियों और जवानों को एक-दूसरे की कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमताओं और सैन्य रणनीतियों को समझने का अवसर मिलेगा।
भारत-ओमान रक्षा संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
आईएनएस सूरत की मस्कट यात्रा को भारत और ओमान के लंबे समय से चले आ रहे मजबूत समुद्री संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पहल भारत की ‘महासागर’ यानी क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति की अवधारणा के अनुरूप है।
इससे पहले 24 नवंबर 2025 को संयुक्त सैन्य सहयोग समिति की 13वीं बैठक आयोजित हुई थी। इसमें दोनों देशों ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई थी। मौजूदा नौसैनिक अभ्यास इस सहयोग को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
