पंजाब विस के लिए आप ने कसी कमर : 40 उम्मीदवारों का किया ऐलान, धुरी से फिर किस्मत आजमाएंगे मान, जेल में बंद मंत्री को भी टिकट

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने कमर कस ली है। आप ने चुनावी तैयारियों के साथ-साथ उम्मीदवारों पर भी अपना फोकस कर दिया है। इतना ही नहीं, पार्टी ने चुनावी बिगुल फूंकते हुए शनिवार को 40 उम्मीदवारों का ऐलान भी कर दिया है। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को नई दिल्ली में हुई पीएसी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगी। आप ने पहली लिस्ट में 37 मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया है। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का नाम भी शामिल है।
अजनाला सीट से किस्मत आजमाएंगे धालीवाल
सीएम एक बार फिर धुरी विधानसभा सीट से किस्मत आजमाएंगे। बता दे कि मान की विधानसभा सीट को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। उनके सीट बदलने की अटकलों के बीच पार्टी ने उन्हें एक बार फिर धुरी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं बटाला से शैरी कलसी, अजनाला से कुलदीप धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, अमृतसर साउथ से डाॅ. इंदरबीर सिंह निज्जर, खेमकरण से सरवण सिंह धुन, नकोदर से इंदरजीत कौर मान, करतारपुर से बलकार सिंह, दसूहा से करमबीर सिंह घुमन, उड़मुड़ से जसवीर सिंह राजा गिल को उम्मीदवार बनाया गया है।

जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी मिला टिकट
आप की पहली उम्मीदवार सूची में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा का नाम भी शामिल है। पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। वह इसी सीट से दोबारा चुनाव लड़ेंगे। उनके नाम को सूची में शामिल करना भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इन सीटों पर भी पार्टी ने घोषित किए उम्मीदवार
पहली सूची में पार्टी ने पंजाब की कई अहम विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। अजनाला विधानसभा सीट से कुलदीप सिंह धालीवाल को टिकट दिया गया है, जबकि तरनतारन से हरमीत सिंह संधू चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, एसएएस नगर विधानसभा सीट से कुलवंत सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
