सोमवार, 9 नवंबर 202603:51:44 PM
Download App
Home/देश

संघ के 100 साल किसी के कृपा से नहीं : आएसएस चीफ का बड़ा बयान, सुनाया इब्राहिम लिंकन और ऋषि मुनियों का किस्सा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 09, 2026
08:23 AM
आएसएस चीफ का बड़ा बयान, सुनाया इब्राहिम लिंकन और ऋषि मुनियों का किस्सा

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के सफर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने नागरिक सहकारी बैंक के नए मुख्यालय और सभागार का उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि संघ अपनी स्थापना के 100 साल पूरे करके आगे बढ़ रहा है, तो यह किसी की कृपा से नहीं, बल्कि पीढ़ियों से काम कर रहे स्वयंसेवकों के कठिन परिश्रम और कर्तव्य का परिणाम है। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे।

संघ प्रमुख ने कहा कि दुनिया के कई विकसित और व्यवस्थित देशों के लोग भी इस बात को देखकर हैरान होते हैं कि बिना किसी व्यक्तिगत लाभ, मान-सम्मान या धन्यवाद की अपेक्षा के लोग 100 वर्षों से संघ के लिए कैसे काम कर रहे हैं।

संघ के समर्थन में इब्राहिम लिंकन ने उठाई थी आवाज

अपने संबोधन में डाॅ. भागवत ने यह भी बताया कि 1930 के दशक में जब सेंट्रल प्रोविंस असेंबली में संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी, तब उसका बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि उस समय, संघ के समर्थन में केवल एक व्यक्ति की आवाज उठी थी, जिनका नाम इब्राहिम था। उस समय इब्राहिम ने कहा कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और यह सांप्रदायिक नहीं है।

अपनी बात समझाने के लिए उन्होंने राजा और ऋषियों की एक कहानी सुनाई। कहानी में जंगल में रास्ता भटकने वाले राजा और उसकी सेना के लिए ऋषियों ने भोजन और ठहरने की व्यवस्था की थी। राजा के पूछने पर ऋषियों ने बताया कि वे स्वयं साधारण परिस्थितियों में रहते हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों के लिए सुविधाएं जुटा सकें। भागवत ने इस कहानी के माध्यम से त्याग और सेवा का महत्व समझाया।

व्यक्ति निर्माण को संघ ने बनाया कार्यपद्धति

संघ प्रमुख ने कहा कि संघ के संस्थापक ने बहुत पहले समझ लिया था कि मनुष्य अच्छा होगा तो समाज और देश में भी अच्छे बदलाव आएंगे। इसी विचार के आधार पर संघ व्यक्ति निर्माण की पद्धति के रूप में काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि संघ ने 100 वर्ष पूरे किए हैं और लगातार आगे बढ़ रहा है। यह उपलब्धि स्वयंसेवकों के कर्तव्य, परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। अब काम की गति और तेज करने की आवश्यकता है, क्योंकि समाज में सुधार की गति को बिगड़ने की गति से आगे रखना होगा।

प्रचारकों के जीवन में सबसे बड़ी पूंजी समर्पण

भागवत ने प्रचारकों के जीवन की चर्चा करते हुए कहा कि उनके स्वभाव और कार्यशैली में भले ही अंतर हो, लेकिन एक विशेषता सभी में समान होती है और वह है समर्पण। प्रचारक अपना पूरा जीवन संगठन के लिए समर्पित कर देते हैं। उन्हें न किसी पुरस्कार की अपेक्षा होती है और न ही प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विदेशों के विकसित देशों में भी लोग यह देखकर आश्चर्यचकित होते हैं कि बिना किसी व्यक्तिगत लाभ और अपेक्षा के हजारों लोग वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहे हैं।

प्रचारकों पर पुस्तक लिखना कृतज्ञता का भाव

भागवत ने कहा कि 100 साल बाद प्रचारकों के जीवन पर पुस्तकें लिखी जा रही हैं। यह उनके प्रति प्रेम, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि संघ के हजारों प्रचारकों में से प्रत्येक के जीवन पर पुस्तक लिखना संभव नहीं है, लेकिन उनके त्याग और योगदान को समाज के सामने लाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रचारक जहां भी जाते हैं, वहां अपने व्यवहार और विशेष गुणों से दूसरे स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हैं। यही समर्पित जीवन संघ की सबसे बड़ी ताकत है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें