शनिवार, 8 अगस्त 202605:46:13 AM
Download App
Home/देश

छिंदवाड़ा आईटीआई पहुंचे सीएम मोहन : लैब का निरीक्षण कर जाना बेटियों का हुनर, कौशल-आत्मनिर्भर और नवाचार पर दिया जोर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 07, 2026
10:21 AM
लैब का निरीक्षण कर जाना बेटियों का हुनर, कौशल-आत्मनिर्भर और नवाचार पर दिया जोर

छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव शुक्रवार को छिंदवाड़ा के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने शासकीय आदिवासी महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का निरीक्षण किया और प्रशिक्षु छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री एवं जिले के प्रभारी राकेश सिंह, सांसद विवेक बंटी साहू, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास ही देश की युवा शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकी दक्षता हासिल करने के साथ अपनी जड़ों और खेती-किसानी से जुड़ाव भी बनाए रखें।

लैब में पहुंचकर जाना छात्राओं का हुनर

मुख्यमंत्री ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण ले रही छात्राओं से उनके अनुभव, भविष्य की योजनाओं तथा शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। मैकेनिकल लैब में उन्होंने सीआरडीआई फोर-स्ट्रोक डीजल इंजन की कार्यप्रणाली समझी और लेथ मशीन पर प्रशिक्षण ले रही छात्राओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।

छात्राओं के सपनों को मिला मुख्यमंत्री का साथ

फिटर ट्रेड की प्रशिक्षु सुषमा उइके ने बताया कि उनके माता-पिता किसान हैं और वह तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मविश्वास बनाए रखें और तकनीकी ज्ञान के साथ खेती से भी जुड़ाव बनाए रखें। वहीं प्रशिक्षु राधा उड़के ने भविष्य में अपनी टेक्निशियन मशीन एवं हार्डवेयर वर्कशॉप शुरू करने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने उनके संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सोच प्रदेश की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाएगी।

सरकारी योजनाओं का लाभ और नवाचार की सराहना

संवाद के दौरान मीना करवेती ने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिले लाभ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें वायरिंग, पंखा मरम्मत, बाइंडिंग और मशीन पार्ट्स असेंबल करने जैसे तकनीकी कार्यों में दक्षता प्राप्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी केवल अपना भविष्य संवारना नहीं, बल्कि अपने कौशल से समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाना है।

इस अवसर पर फिटर ट्रेड की छात्राओं ने वेस्ट टू आर्ट थीम पर तैयार गिटार और कबाड़ से बनाई गई तोप मुख्यमंत्री को भेंट की। मुख्यमंत्री ने इन नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का यह मेल युवाओं की प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने संस्थान परिसर में शहतूत का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा छात्राओं के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें